Petrol Bomb Attack on Alwar Masjid: राजस्थान के अलवर शहर का चरमपंथियों ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की. असामाजिक तत्वों ने पहले गोवंश का कटा सिर फेंक कर तनाव बढ़ाने की कोशिश की, जब इसमें नाकाम रहे तो पेट्रोल बम से मस्जिद पर हमला कर दिया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस भी एक्टिव हो गई और सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
Trending Photos
)
Alwar News: राजस्थान को "अपणायत का शहर" कहा जाता है. यहां पर सभी धर्मों को लेकर मिलजुल कर रहते हैं, लेकिन कई ऐसी घटनाओं के जरिये चरमपंथियों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है. इसी तरह तरह का नजारा अलवर में देखने को मिला, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की, लेकिन वह मंसूबे में नाकाम रहे.
अलवर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कु असामाजिक तत्वों ने गोवंश के अवशेष फेंक कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की. इसके महज कुछ देर बाद चरमपंथियों ने मस्जिद पर हमला कर हालात को और भड़काने की कोशिश की गई. इससे अलवर शहर में तनाव पैदा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया और किसी भी बड़ी घटना के होने से पहले हालात को काबू में कर लिया.
बताया जा रहा है कि गोवंश के कटे सिर मिलने की घटना का अभी तक खुलासा भी नहीं हो पाया था कि कोतवाली थाना क्षेत्र में एक और गंभीर मामला सामने आ गया. रोड नंबर दो मौजूद एक मस्जिद के बाहर देर रात करीब डेढ़ बजे पेट्रोल बम फेंकने की घटना सामने आई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
यह भी पढ़ें: पहले बेघर किया, अब बेआवाज भी; असम में मुस्लिम परिवारों से छिना वोटिंग अधिकार
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. मेव पंचायत के अध्यक्ष साजिद पुत्र शेर मोहम्मद ने यह फुटेज पुलिस को सौंपा. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक पर सवार तीन नौजवान इस घटना को अंजाम देकर बड़ी आराम से मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल रमेश सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत जांच शुरू कर दी. पुलिस अब फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.
मेव पंचायत के पूर्व सदर शेर मोहम्मद के मुताबिक, गुरुवार (9 अप्रैल) की रात अग्रसेन सर्किल के पास गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था, जो देर रात तक चलता रहा. इसी माहौल के बीच करीब डेढ़ बजे तीन नौजवान बाइक पर सवार होकर मस्जिद के गेट पर पहुंचे और पेट्रोल बम फेंक दिया. इस हमले में वहां खड़ी एक बाइक में आग लग गई.
शेर मोहम्मद ने यह भी दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई खुलासा नहीं किया है.
गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे अग्रसेन सर्किल के पास गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने के बाद कुछ हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी. उस समय पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
अब पुलिस दो अलग-अलग लेकिन आपस में जुड़े मामलों यानी गोवंश के अवशेष मिलने और मस्जिद पर पेट्रोल बम फेंकने की एक साथ जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार सख्त सजा दिलाई जाएगी.
यह भी पढ़ें: ग़ज़ा और ईरान के बाद अब तीसरे मुस्लिम देश में मासूम बच्चों का सामूहिक कत्लेआम कर रहा इजरायल