)
Babri Masjid News: राजस्थान की शिक्षा विभाग ने वहां की सरकारी स्कूलों में 6 दिसंबर के दिन बाबरी मस्जिद विध्वंस को शौर्य दिवस के रूप में मनाने का आदेश दिया था, लेकिन इस आदेश पर राजनीतिक बवाल मचने और मानवाधिकार संगठनों के विरोध के बाद फैसले को वापस ले लिया गया है. राजस्थान के राज्य शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी कि 6 दिसंबर को शौर्य दिवस के रूप में मनाने का आयोजन नहीं किया जाएगा.
राजस्थान के शिक्षा विभाग ने कहा कि 5 और 6 दिसंबर को होने वाली परीक्षाओं की वजह से प्रस्तावित शौर्य दिवस कार्यक्रम नहीं होगा. पिछले आदेश में कहा गया था कि हर सरकारी और निजी स्कूलों में 6 दिसंबर के दिन बाबरी मस्जिद विध्वंस को शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाए. इस आयोजन में पेंटिंग, लेख और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े इतिहास पर चर्चा करने को कहा गया था.
वहीं, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे समय में जब राज्य बेरोज़गारी, बढ़ते आर्थिक संकट और कानून-व्यवस्था की चिंताओं से जूझ रहा है, उस वक्त में बाबरी विध्वंस को शौर्य दिवस के रूप में मनाने का आदेश मूल मुद्दों से भटकाने के लिए दिया गया है.
इसके साथ ही मानवाधिकार संगठनों ने भी बाबरी विध्वंस को शौर्य दिवस के रूप में मनाने का विरोध किया. मानवाधिकार संगठन पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (PUCL) ने चेतावनी दी कि राजस्थान सरकार के निर्देश के थोड़े समय के लिए भी सर्कुलेशन से स्कूलों में सांप्रदायिक कार्यक्रम शुरू हो सकते हैं, साथ ही कहा कि एजुकेशनल जगहों का इस्तेमाल किसी एक धर्म से जुड़ी एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए.