Jalaluddin Vice President Nomination: राजस्थान के जैसलमेर जिले के मंगालिया मोहल्ला के रहने वाले 38 साल के जलालुद्दीन ने सोमवार को राज्यसभा पहुंचकर उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया.
Trending Photos
)
Jalaluddin Vice President Nomination: हाल में ही जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. इस इस्तीफे के बाद यह पद अभी खाली है और देश में उपराष्ट्रपति पद के लिए इलेक्शन 9 सितंबर 2025 को होना है. इलेक्शन कमीशन ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. 21 अगस्त तक नामांकन भरने की आखिरी तारीख तय की गई है. इस बीच राजस्थान के जैसलमेर जिले के एक मुस्लिम युवक ने इस हाई प्रोफाइल पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. इस खबर ने सबको चौंका दिया है.
दरअसल, राजस्थान के जैसलमेर जिले के मंगालिया मोहल्ला के रहने वाले 38 साल के जलालुद्दीन ने सोमवार को राज्यसभा पहुंचकर उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया. इसके लिए उन्होंने इलेक्शन कमीशन को 15,000 रुपए की डिपॉजिट राशि भी जमा करवाई. जलालुद्दीन इससे पहले भी कई चुनावों में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं.
पहले भी लड़ चुके हैं कई चुनाव
जलालुद्दीन का राजनीति और चुनाव से पुराना नाता है. उन्होंने 2009 में अपने गांव की आसुतार बांधा पंचायत से वार्ड पंच का इलेक्शन लड़ा था, जिसमें वे सिर्फ एक वोट से हार गए थे. इसके बाद उन्होंने 2013 में जैसलमेर विधानसभा सीट और 2014 में बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में दोनों ही बार पर्चा वापस ले लिया था.
जलालुद्दीन को चुनाव लड़ने का शौक
जलालुद्दीन इस समय जयपुर स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं. उन्होंने एक निजी अखबार से बात करते हुए कहा, "मुझे इलेक्शन लड़ने का शौक है. मैं जानता हूं कि मेरा नामांकन रद्द हो जाएगा, फिर भी मैंने नामांकन दाखिल किया क्योंकि मुझे प्रक्रिया का हिस्सा बनना पसंद है." उन्होंने बताया कि वे छात्रसंघ चुनाव भी लड़ना चाहते थे, लेकिन उम्र ज्यादा होने की वजह से वे नामांकन दाखिल नहीं कर पाए. उन्होंने कहा कि वे हर स्तर के इलेक्शन में हिस्सा लेने की कोशिश करते हैं, भले ही जीतने की संभावना न हो.