)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के एक मस्जिद के पूर्व इमाम से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुन आप चौंक जाएंगे. यहां एक मस्जिद के पूर्व इमाम पर एक हिंदू युवती को धर्म परिवर्तन के लिए ब्लैकमेल करने का इल्जाम है. पुलिस ने मुल्जिम इमाम को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस ने जांच में असलाह भी बरामद किया है. हालांकि मुल्जिम इमाम की तरफ से अभी तक उनका पक्ष सामने नहीं आया है.
दरअसल, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के थाना सिविल लाइन पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक मस्जिद के पूर्व इमाम को गिरफ्तार किया है. मुल्जिम इमाम का नाम रहीस अहमद है, जो रामपुर जिले के ग्राम परचई कुम्हरिया, थाना अजीमनगर का निवासी है.
यह मामला तब सामने आया जब 20 अगस्त को एक पीड़ित युवती ने मस्जिद के पूर्व इमाम रहीम अहमद पर इल्जाम लगाते हुए एक वीडियो वायरल किया था. पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी नगर की अगुवाई में टीम गठित की और मामले की गहनता से जांच शुरू की.
जांच के बाद 21 अगस्त को आरोपी रहीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने मुल्जिम इमाम के पास से 12 बोर के 2 तमंचे, 4 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. बरामद हथियार और मोबाइल की जांच की जा रही है. साथ ही मुल्जिम इमाम के खिलाफ थाना सिविल लाइन में धर्म सम्परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, धारा 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति को धर्मपरिवर्तन मामले में गिरफ्तार किया गया. पुलिस का दावा है कि छांगुर बाबा हिंदू युवतियों को धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाते थे. साथ ही छांगुर बाबा पर अवैध धर्मांतरण गिरोह चलाने का भी इल्जाम है. छांगुर बाबा पर विदेशी फंडिंग और 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति का भी इल्जाम है. फिलहाल छांगुर बाबा जेल में हैं.