)
Motihari News Today: बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस हिरासत में एक 55 साल के शख्स की मौत से हड़कंप मच गया. इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जबकि पुलिस का दावा है कि बुजुर्ग ने आत्महत्या किया है और उसे विक्षिप्त महिला के साथ रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. इस घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह पूरा मामला मोतिहारी जिले के कल्याणपुर थाने का है. बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत में 55 साल के आरोपी की मौत हो गई. मृतक की पहचान गफ्फार अंसारी के रूप में हुई है, जिसे रेप के आरोप में गिरफ्तार कर पुलिस ने थाने के लॉकअप में बंद किया था. घटना के सामने आते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और परिजनों ने पुलिस पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
पुलिस हिरासत में गफ्फार अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सुनकर प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने मृतक को समझाने की काफी कोशिश की. फिलहाल पुलिस ने गफ्फार अंसारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी.
थाने में आत्महत्या की यह घटना 12 दिसंबर की है. पुलिस ने दावा किया कि गफ्फार अंसारी ने थाने के लॉकअप में लुंगी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने लुंगी को गले में बांधकर आत्महत्या की और जब तक पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी मिली, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
अधिकारियों ने बताया कि गफ्फार अंसारी के खिलाफ एक विक्षिप्त महिला से रेप करने का आरोप था, जिसके चलते उसे हिरासत में लिया गया था और पूछताछ की जा रही थी. दूसरी तरफ मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाते हुए घटना को संदिग्ध बताया है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.