)
Rashid Alvi on Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के ब्लास्ट के बाद लगातार सियासी बयान सामने आ रहे हैं. अब कांग्रेस के सीनियर लीडर राशिद अल्वी का बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि ऐसा क्या हुआ होगा कि एक एमबीबीएस डॉक्टर को बमों से खेलना पड़ा होगा. उनके इस बयान की काफी मज़म्मत हो रही है.
राशिद अल्वी कहते हैं वह पढ़ा-लिखा नौजवान, जिसने MBBS और एमडी किया है, वह अपनी कोठी में आराम के साथ रह सकता है. वह शख्स परिवार में अपनी ज़िंदगी गुज़ार सकता है. वो आतंक का रास्ता क्यों अपना रहा है? किन हालात ने मजबूर कर दिया उसको कि वह बमों से खेलने लगे? वह जानता है कि इसका नतीजा मौत है, इसके बावजूद वह मौत को गले लगा रहा है. उस आतंकी रास्ते पर जा रहा है.
राशिद अल्वी ने आगे कहा कि मोदी साहब ये ज़िम्मेदारी आपकी है कि ये हालात कैसे पैदा हो गए, इसके बारे में विचार करें. ज्ञात हो कि दिल्ली के लाल किले के पास 10 दिसंबर को ब्लास्ट हुआ था. आरोप है कि एक i20 कार में विस्फोटक भरकर डॉक्टर उमर नाम का शख्स इस इलाके में गया और ब्लास्ट करा दिया. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी.
They (doctor terrorists) could have lived luxurious lives in their bungalows, but they chose not to...
What made them so helpless that they started playing with explosives and chose death?
- Congress Leader Rashid Alvipic.twitter.com/9xEuM6ncN9
— Ajayy (@theinvincible01) November 19, 2025
आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद की अलफला यूनिवर्सिटी में पढ़ाया करता था. इस अटैक के बाद जब पुलिस ने जांच की तो कई और डॉक्टर्स के नाम भी सामने आए. जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और लगातार पूछताछ जारी है. इसके साथ ही एक मुस्लिम धर्मगुरु और उर्दू टीचर को भी हिरासत में लिया गया.
ये ब्लास्ट अमोनियम नाइट्रेट के जरिए कराया गया था. दावा किया गया कि पकड़े गए मौलवी के घर पर कई टन अमोनियम नाइट्रेट रखा हुआ था और इन लोगों का प्लान और भी कई जगहों पर ब्लास्ट करने का था. फिलहाल इस मामले की जांच एटीएस कर रही है.