Delhi Red Fort Blast 2025: लाल किला के पास 10 नवंबर की शाम को एक वाहन में भीषण बम विस्फोट हुआ था. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है. अभी भी कई लोग लापता हो गए हैं. परिवार तलाश में दर-दर भटक रहे हैं.
Trending Photos
)
Red Fort Blast 2025: देश की राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम एक भीषण बम विस्फोट हुआ. इसमें 9 लोगों की मौत हो गई और कई दूसरे घायल हो गए. विस्फोट के बाद कई लोग अभी भी लापता हैं. लोग अपनों की तलाश में हैं. इसी कड़ी में विस्फोट के बाद लापता हुए ई-रिक्शा चालक जुम्मन (32) का परिवार उसकी तलाश कर रहा है. अभी तक जु्म्मन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिवार के लोग दर-दर भटक रहे हैं.
जुम्मन के चाचा इदरीश ने कहा कि वो मेरा भतीजा है. ई-रिक्शा चलाता है. उसकी गाड़ी में GPS लगा था, जिससे गेट नंबर 1 के पास की लोकेशन दिख रही थी. मैंने ये बात उसकी बहन को भेजी. जब हम वहां पहुंचे, तो एक कॉन्स्टेबल ने अस्पताल में पता करने को कहा. वहां भी कुछ पता नहीं चल पाया. उसके बाद से किसी ने कोई जानकारी नहीं दी. लाश भी नहीं मिली. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने उसे शाम 6 बजे के आसपास देखा था.
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि लाल किला के पास 10 नवंबर की शाम को एक वाहन में भीषण बम विस्फोट हुआ था. धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के 20 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. 10 से ज़्यादा वाहन जलकर राख हो गए. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई वाहन 20 फीट से भी ज़्यादा दूर उड़ गए. लोगों के शरीर टुकड़े-टुकड़े हो गए. इस मामले में देश की जांच एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. अभी तक क्लियर नहीं हो पाया है कि यह आतंकी हमला था या नहीं.
कई बाजार को किया गया है बंद
वहीं, विस्फोट के बाद दिल्ली के कई बाज़ार बंद कर दिए गए हैं. लाल किले के आसपास के इलाके के बाज़ार बंद कर दिए गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया है. पुलिस ने भी कई बाज़ार बंद कर दिए हैं. लाल किला मेट्रो सुचारू रूप से चल रही है. लाल किला मेट्रो का गेट नंबर 2 और एक अन्य गेट यात्रियों के लिए खुला है.