Saharanpur News: सहारनपुर की इंदिरा कॉलोनी में 300 घरों में रहने वाले परिवार बेघर होने वाले हैं. दरअसल, इन घरों पर सिचाई विभाग ने दावा किया है कि यह अवैध जमीन पर बनाए गए हैं और यह जमीन विभाग की है. हालांकि, मकामी लोगों का कहना है कि वह 45 सालों से यहां रहते आ रहे हैं.
Trending Photos
)
Saharanpur: सहारनपुर की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले लोगों की रातों की नींद उड़ी हुई है. इसकी वजह प्रशासन का 300 घरों पर बुलडोजर एक्शन बताया जा रहा है. खास बात तो यह है कि इन घरों में लगभग 80 घर ऐसे हैं जो पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए थे.
लोगों का कहना है कि ये कॉलोनी लगभग 45 साल पुरानी है और अब सिचाई विभाग इस पर दावा कर रहा है. मकामी लोगों का कहना है कि लगभग 45-50 साल पहले इस कॉलोनी को एक कांग्रेस एमएलए के जरिए आबाद किया गया था. वह तभी से यहां रहते आ रहे हैं और अब सिचाई विभाग के एक्शन के बाद वह कहां जाएंगे.
यहां रहने वाले ज्यादातर परिवार आर्थिक तौर पर मजबूत नहीं हैं और उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत अपने घरों की तामीर कराई है. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि पीएम आवास योजना के तहत बने घर कैसे अवैध हो सकते हैं.
प्रशासन ने जिन घरों पर निशान लगाए हैं, उन्हें तीन दिन का वक्त दिया गया है. इसके बाद बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हो जाएगी. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि उन्हें कुछ दिन का वक्त और दिया जाना चाहिए था, ताकि वह अदालती रास्ता आसानी से अपना पाते.
सिचाई विभाग का कहना है कि इंदिरा कॉलोनी की यह जमीन विभाग की है और लोगों ने इस पर अवैध कब्जा करके घरों की तामीर की है. इसके उलट मकामी लोगों का दावा है कि वह 45 सालों से यहां रह रहे हैं, और उनके पास इसके दस्तावेज़ हैं. अगर यह ज़मीन अवैध थी तो 45 सालों से क्या सिचाई विभाग सो रहा था.
मकामी लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी दिक्कत पर विचार किया जाए और उन्हें बेघर होने से बचाया जाए. बता दें, यूपी का सिचाई विभाग पिछले कुछ महीनों में कई जमीनों पर दावे ठोक चुका है. जिसमें दिल्ली का जामिया नगर इलाका भी है. जहां फिलहाल कानूनी लड़ाई चल रही है.