)
Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे स्थित ऐतिहासिक शनिवार वाड़ा के परिसर में तीन मुस्लिम औरतों द्वारा नमाज पढ़ने का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद BJP पार्टी से राज्य सभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने शनिवार वाड़ा में जाकर विरोध व्यक्त किया और गौ-मूत्र से उस जगह की शुद्धिकरण की. इस पर समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने इस देश के लिए जान दी है और दुर्भाग्य से इस मौजूदा समय में देश की सत्ता पर अंग्रेजों के दलाल बैठे हुए हैं.
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने शनिवार वाड़ा में नमाज पढ़ने की घटना के बाद हुए विवाद पर मीडिया से बातचीत की. उन्होंने बीजेपी की राज्य सभा सांसद मेधा कुलकर्णी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अल्लाह से डरना चाहिए, वरना जब अल्लाह का कहर पड़ेगा तो पता नहीं चलेगा कि कहां चली गईं. विधायक अबू आजमी ने कहा कि कोई नमाज पढ़ रहा है, उसके साथ BJP वाले इस प्रकार से बदतमीजी कर रहे हैं, वह हरकत बिल्कुल बर्दाश्त के लायक नहीं है.
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कहा कि आज हिंदू समाज के लोग अरब देशों में जाते हैं वहां पूजा करते हैं, मंदिर बन रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि उन अरब देशों में तो आपको कोई नहीं रोकता. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की आजादी के लिए मुसलमानों ने अपना खून दिया लेकिन आज मुसलमानों पर जुल्म किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इंतजार करो, जुल्म का जवाब दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि इस देश से मुसलमान पाकिस्तान जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोका गया और यह विश्वास दिलाया गया कि आपके साथ अत्याचार और नाइंसाफी नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुसलमानों को यह विश्वास दिलाया गया था कि उन्हें पूरा अधिकार मिलेगा, कानून भी बनाए गए कि आप मस्जिद बना सकते हो इबादत कर सकते हो, उस मुल्क के अंदर जो लोग अंग्रेजों के तलवे चाटते थे, दुर्भाग्य से वे लोग आज सत्ता में हैं.