)
Sambhal News Today: उत्तर प्रदेश में लगातार समुदाय विशेष की धार्मिक स्थलों और मदरसों पर कार्रवाई हो रही है. इस मामले में संभल जिला चर्चा के केंद्र में रहा है. संभल में एक मस्जिद जिला प्रशासन की राडार पर है. बीते दिनों प्रशासन ने दावा किया है कि हातिम सराय इलाके में सरकारी तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर 80 मकानों का निर्माण किया गया था.
वहीं हातिम सराय की सरकारी जमीन पर मकानों के बाद अब कथित अवैध मस्जिद के निर्माण का भी मामला सामने आया है. तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मस्जिद के अवैध तरीके से निर्माण की जानकारी करीब 12 साल पहले मिली थी. तहसील प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची, तो मस्जिद के मुतवल्ली और मस्जिद कमेटी के कोई भी सदस्य मौजूद नहीं थे.
प्रशासन ने मस्जिद पर नोटिस चस्पा कर दिया है और मस्जिद के दस्तावेज पेश करने के लिए 15 दिन का समय दिया है. अगर दस्तावेज नहीं पेश किए गए, तो मस्जिद को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी. राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर अवैध मकानों पर भी नोटिस चस्पा किए हैं और मकानों को खुद तोड़ने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, हातिम सराय में सरकारी तालाब की 8 बीघा जमीन को पाटकर मस्जिद और 80 मकानों का निर्माण किया गया है. तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मस्जिद के निर्माण की जिम्मेदारी मुतवल्ली और मस्जिद कमेटी ने नहीं ली है. प्रशासन लगातार अवैध निर्माण की निगरानी कर रहा है और अगर कोई नियम का उल्लंघन पाया गया तो बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले संभल के असमोली क्षेत्र के राया बुजुर्ग गांव में गोसुलबरा मस्जिद को भी पूरी तरह से हटा दिया गया है. प्रशासन ने मस्जिद की इंतजामिया कमेटी को 4 दिन की मोहलत दी थी ताकि मस्जिद का अवैध निर्माण ध्वस्त कराया जा सके. मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने खुद जेसीबी और मजदूरों की मदद से मस्जिद के अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया. राया बुजुर्ग गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अमला मौजूद रहा.