)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के संभल में शिया समुदाय ने चेहल्लूम का जुलूस निकाला, इस जुलूस में भारी तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया. जुलूस के दौरान भीड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी भी की. जुलूस में शामिल नौजवानों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए. इस दौरान इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे.
दरअसल, उत्तर प्रदेश का संभल जिला शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा की वजह से संवेदनशील बन गया है. इसीलिए अब यहां पर किसी भी जुलूस या त्योहार के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जाते हैं. शिया समुदाय के लोगों ने इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत की याद में चेहल्लूम का जुलूस निकाला.
इस जुलूस में खास बात यह दिखी कि लोगों ने धार्मिक झंडे के साथ साथ तिरंगे झंडे को भी खूब लहराया. जुलूस में ताज़िए और अलमों (धार्मिक झंडा) पर भी तिरंगे सजाए गए. साथ ही जुलूस में शामिल लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी भी किए.
जुलूस के दौरान संभल प्रशासन अलर्ट पर था. हालांकि शिया समुदाय ने शांति के साथ इस जुलूस को निकाला और पूरा किया. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जुलूस में सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस के साथ RAF के जवान तैनात रहे.
शिया समुदाय में इस जुलूस को काफी अहमियत दी जाती है. बता दें कि कर्बला के मैदान में इमाम हुसैन को उनके 72 साथियों के साथ शहीद कर दिया गया था. इमाम हुसैन मुसलमानों के आखिरी नबी, पैगंबर हजर मोहम्मद (स.) के नाती थे.
गौरतलब है कि संभल के शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पुलिस और मुस्लिम समुदाय के बीच हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 5 मुस्लिम नौजवानों की मौत हो गई और 30 अन्य जख्मी हो गए थे. इस हिंसा के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए, विपक्षी पार्टियों ने इस कार्रवाई को मुस्लिमों के खिलाफ टार्गेटेड कार्रवाई बताया. वहीं, सरकार ने इस घटना पर एक जांच समिति का गठन कर, विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए.