)
Aligarh Mandir Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बीते दिनों असामाजिक तत्वों ने मंदिरों की दीवारों पर 'I Love Muhammad' लिख दिया. इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तनाव फैल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फौरन इसे मिटा दिया और 8 पर नामजद एफआईआर दर्ज किया गया है.
इस घटना को लेकर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर रहमान बर्क का बड़ा बयान सामने आया है. सांसद जियाउर रहमान बर्क ने बयान जारी कर दीवारों पर 'I Love Muhammad' लिखने की घटना को एक सोची समझी साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि यह घटना भारतीय जनता पार्टी के जरिये एक सोची समझी साजिश के तहत तूल दिया गया है.
जियाउर रहमान बर्क ने कहा, "मंदिर पर लिखने वाले पूरे मामले की जांच होगी तो मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं, इसमें कोई मुसलमान शामिल नहीं होगा." उन्होंने कहा,"इसकी वजह यह है कि हमारा मजहब किसी दूसरे धर्म को ठेस पहुंचाने को नहीं कहता है. हम भले ही दूसरे के मजाक को नहीं माफ कर देते हैं, लेकिन हम किसी के मजाक बनाकर उनका अपमान नहीं करते हैं."
संभल से सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क ने आगे कहा कि 'I Love Muhammad' को दीवारों पर लिखकर एक सोची समझी साजिश के तहत हाइलाइट किया गया है. इसके जरिये एक समुदाय के खिलाफ नैरेटिव सेट करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, "हमारी आस्था, हमारे मोहम्मद (स.अ.), हमें अपने दीन से मोहब्बत है. इसे हमें किसी को दिखाने की जरुरत नहीं है."
दरअसल, यह पूरा मामला अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र में कुछ शरारती तत्वों ने 24 अक्टूबर की है, जब रात और सुबह-सुबह मंदिरों की दीवारों पर 'I Love Muhammad' लिख दिया. मुख्य रूप से बुलाकी गड़ी गांव के शिव और हनुमान मंदिर सहित 4 से 5 मंदिरों पर यह लिखावट देखी गई, जिससे स्थानीय हिंदू समुदाय में आक्रोश फैल गया.
करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी, मंदिर सुरक्षा की मांग की. पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शांति समिति की बैठक बुलाई और लिखावट मिटाई. अलीगढ़ पुलिस ने 2 कथित संदिग्धों की पहचान की है और आईपीसी की धारा 153A व 295A के तहत केस दर्ज करने की तैयारी है. PAC-RAF की तैनाती के साथ ड्रोन निगरानी भी जारी है. करणी सेना ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज होगा. स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने शांति बनाए रखने की अपील की है.