)
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल के असमोली पुलिस स्टेशन इलाके के बदनपुर वसाई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार के लिए निकल चुकी हैं. तमन्ना का दावा है कि प्रशासन ने उन्हें अपनी पसंद के कपड़े पहनकर यात्रा करने की इजाजत दे दी है. इस मंजूरी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके प्रशासन का शुक्रिया अदा किया और अधिकारियों के सहयोग की तारीफ की.
दरअसल, हर साल की तरह इस साल भी तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ लाना चाहती हैं, लेकिन मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने भी उनके इस फैसले पर आपत्ति जताई थी. इसके बावजूद तमन्ना ने कांवड़ यात्रा जारी रखने का फैसला किया. तमन्ना के पति अमन त्यागी ने पहले ही साफ कर दिया था कि प्रशासन से नोटिस मिलने के बावजूद तमन्ना हरिद्वार जाएंगी और कांवड़ लेकर लौटेंगी. अब तमन्ना ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें यात्रा के लिए आधिकारिक मंज़ूरी मिल गई है.
SDM कोर्ट की ओर से नोटिस जारी
प्रशासन तमन्ना की प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्क था. कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए SDM कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को नोटिस जारी किया. इसके बाद, अमन त्यागी SDM कोर्ट में पेश हुए और एक पर्सनल बॉन्ड जमा किया. उन्होंने कहा कि तमन्ना की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से होगी और उनका कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या पैदा करने का कोई इरादा नहीं है. वहीं, तमन्ना को कथित तौर पर एसिड अटैक की धमकी मिली है.
तमन्ना को मिली धमकी
तमन्ना और उनके पति का दावा है कि यह धमकी महाराष्ट्र से मिली है. इसके बाद अमन त्यागी ने पुलिस प्रशासन से अपनी पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. धमकी को देखते हुए परिवार ने प्रशासन से यात्रा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है. हरिद्वार के लिए निकलने के बाद तमन्ना मलिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया. वीडियो में उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने उन्हें अपनी पसंद के कपड़ों में कांवड़ यात्रा करने की इजाजत दे दी है।.इसके लिए उन्होंने संभल प्रशासन का धन्यवाद किया.