)
Sangeet Som on I Love Muhammad: भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम के बयान पर काफी बवाल हो रहा है. दरअसल, उन्होंने कहा है कि उन्हें लोगों के आई लव मुहम्मद कहने से कोई एतराज नहीं है, लेकिन इसके पहले भारत माता की जय और वंदे मातरम कहना होगा. लोगों का कहना है कि क्या अब संगीत सोम मुसलमानों की कोई भी बात जाहिर करने की गाइडलाइन तय करेंगे. क्या हर प्रोटेस्ट में मुसलमानों की देशभक्ति पर सवाल उठाया जाएगा?
दरअसल, भाजपा नेता हरदोई में एक प्रोग्राम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि आई लव मुहम्मद के नाम पर साज़िश करने वालों की डेंटिंग, पेंटिंग और ओवरहालिंग की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने पीडीए को पाकिस्तान डेवलपमेंट अथॉरिटी करार दिया. संगीत सोम ने कहा कि प्रदेश में आई लव मुहम्मद के नाम पर बवाल काटा जा रहा है, ऐसे लोगों को इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि अब प्रदेश में मुगल का राज नहीं है.
संगीत सोम ने कहा आजकल एक माहौल पूरे देश में चल रहा है, सड़क पर उतरकर लोग कह रहे हैं, आई लव मोहम्मद, आई लव मोहम्मद. मैं उनसे कहना चाहता हूं आप आई लव मोहम्मद कहिए मुझे उससे कोई दिक्कत नहीं, आप अपने अल्लाह से प्यार करिए मुझे कोई दिक्कत नहीं है. लेकिन, उससे पहले आपको आई लव इंडिया कहना पड़ेगा, आई लव भारत कहना पड़ेगा, भारत माता की जय कहना पड़ेगा, वंदे मातरम कहना पड़ेगा. लेकिन, दिक्कत की बात यह है कि आप भारत माता की जय बोलेंगे और ना ही आप आप वंदे मातरम कहेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि आई लव मोहम्मद की बात करते हैं, मैं आपको सिरे से खारिज करता हूं. अगर आप भारत मां से प्यार नहीं करते हैं तो आई लव मुहम्मद कभी नहीं हो सकता. मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि ऐसे लोगों को का खंडन कीजिए.
कानपुर में रबीउल अव्वल के मौके पर जुलूस निकाले गए. इस दौरान 'आई लव मुहम्मद' का बैनर लगाने के के मामले में पुलिस ने 21 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. इस बात से देश भर के मुसलमान नाराज हो गए और इसे मज़हब की आज़ादी पर हमले के तौर पर देखने लगे. इसी सिम्त में बरेली में 26 सितंबर को एक प्रोटेस्ट निकाला गया, जिसमें काफी बवाल हुआ. पुलिस ने 81 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें मशहूर मौलाना तौकीर रज़ा भी शामिल थे.