Sanjauli Masjid: संजौली मस्जिद को लेकर फिर से विवाद छिड़ता दिख रहा है. अब देवभूमि संघर्ष समिति ने वॉर्निंग दी है कि अगर पुलिस ताकत का इस्तेमाल करती है तो वह भी डंडे लेकर प्रोटेस्ट में शामिल होंगे.
Trending Photos
)
Sanjauli Masjid: शिमला के संजौली इलाके में मौजूद विवादित मस्जिद को लेकर एक बार फिर तनाव के हालात पैदा हो गए हैं. दरअसल, शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के लिए 30 से ज़्यादा नमाज़ी मस्जिद पहुंचे थे, जिसके बाद स्थानीय संगठन देवभूमि संघर्ष समिति ने इसका विरोध करते हुए सड़क पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया.
इससे पहले देवभूमि संघर्ष समिति ने मस्जिद में नमाज़ न होने देने का आह्वान किया था. हालात को देखते हुए प्रशासन ने मस्जिद की तरफ जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए थे. हालांकि पुलिस ने नमाज़ियों को मस्जिद तक पहुंचने की इजाजत द दी. जिससे समिति के कार्यकर्ता नाराज़ हो गए.
देवभूमि संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि हिंदुओं को विवादित स्थल के पास जाने से रोका जा रहा है जबकि मुसलमानों को नमाज़ की अनुमति दी जा रही है. समिति ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मुस्लिम समुदाय को संरक्षण दे रही है और प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद मुसलमानों को वहां नमाज़ अदा करने के लिए बुलाया है.
संघर्ष समिति ने आज यानी शुक्रवार शाम 4 बजे एक बैठक बुलाई है, जिसमें आने वाली रणनीति तय की जाएगी. समिति ने चेतावनी दी है कि इस बार विरोध प्रदर्शन 'खाली हाथ' नहीं होगा. बयान में कहा गया है कि अगर पुलिस ने हिंदू प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया, तो वे 'लाठी लेकर' प्रदर्शन में शामिल होंगे.
फिलहाल, शिमला पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.