)
Madhya Pradesh Triple Talaq Case: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक हैरान कर देने वाली तलाक देने की खबर सामने आई है. यहां एक बुजुर्ग चाचा ने 72 साल की उम्र में अपनी बीवी को तीन तलाक दे दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ कार्रवाई की. अब आरोपी बुजुर्ग व्यक्ति को जेल भेज दिया गया है.
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने तीन तलाक पर प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन अभी भी देश में तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं. जानकारों का कहना है कि तीन तलाक पर लगे प्रतिबंध और इसको लेकर बनाए गए सख्त कानून के बारे में लोगों को जानकारी नहीं है और इसी जानकारी के अभाव में लोग तीन तलाक दे रहे हैं.
यह मामला मध्यप्रदेश के मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र का है. यहां एक 72 साल के बुजुर्ग व्यक्ति फतेह मोहम्मद खान ने अपनी बीवी तहरून निशा को तीन तलाक दिया था. तलाक देने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति फरार चल रहा था. पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई जब पीड़िता लंबे वक्त से इंसाफ की आस में पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रही थी.
जानकारी के मुताबिक ताला थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बदरखा निवासी महिला तहरून निशा ने 18 अप्रैल 2026 को थाना ताला पहुंचकर अपने आरोपी पति फतेह मोहम्मद खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने विवाद के दौरान तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध खत्म करने की बात कही और उसे घर से अलग कर दिया.
पीड़िता का कहना था कि इस घटना के बाद वह मानसिक तौर पर परेशान थी और इंसाफ के लिए पुलिस की शरण में पहुंची. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुस्लिम महिला अधिनियम 2019 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया. इस कानून के तहत एक साथ तीन तलाक देना दंडनीय अपराध माना गया है.
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के नेतृत्व में थाना ताला पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी. आखिरकार थाना ताला प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र मिश्रा की टीम ने 18 मई को आरोपी फतेह मोहम्मद खान (72 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया.
रिपोर्ट -नजीम सौदागर मैहर.