)
Assam: प्रसिद्ध असम के गायक जुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत के एक महीने बाद, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जानकारी दी है कि गायक की मौत से जुड़ा विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद इंजामुल हक के तौर पर हुई है, जो नगांव जिले के जूरिया थाना क्षेत्र के तेलिया बेबेजिया गांव का निवासी है.
सीएम सरमा ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया कि मोहम्मद इंजामुल हक ने SK Ahmad नाम से अपने फेसबुक अकाउंट पर 15 अक्टूबर 2025 को जुबीन गर्ग की मौत से जुड़ा एक विवादित वीडियो डाला था. इस वीडियो में उकसाने वाले (inflammatory) कमेंट्स शामिल थे.
सरमा ने लिखा,"मोहम्मद इंजामुल हक (27 वर्ष), पिता -स्व. रोसोत उद्दीन, निवासी तेलिया बेबेजिया, थाना जूरिया, नगांव को हमारे प्रिय जुबीन गर्ग के निधन से संबंधित विवादित वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने अपलोड किया था."
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वीडियो का मूल क्लिप उसने एक OTT प्लेटफॉर्म से लिया था, जिसके बाद उसने उसमें उकसाने वाले कमेंट्स जोड़कर एडिट किया और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है. जिस पर लोगों ने सवाल उठाए हैं, लोगों का कहना है कि एक राज्य का सीएम अपने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने पर गिरफ्तारी की जानकारी दे रहा है. ये कितना उचित है? ये काम केवल पुलिस को करना चाहिए था.
इससे पहले शुक्रवार को सिंगापुर पुलिस फोर्स (SPF) ने एक बयान जारी कर कहा था कि उन्हें जुबीन गर्ग की मौत में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि (foul play) का संदेह नहीं है, लेकिन जांच अभी जारी है. SPF ने जनता से अपील की कि गायक की मौत को लेकर अपुष्ट और भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें.
पुलिस के बयान में कहा गया,"सिंगापुर पुलिस फोर्स (SPF) को पता चला है कि जुबीन गर्ग की मौत के हालात को लेकर ऑनलाइन कई तरह की गलत और अपुष्ट जानकारियां फैलाई जा रही हैं. यह मामला सिंगापुर के Coroners Act 2010 के तहत जांच में है. प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला है."