)
Singrauli News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रहने वाली दो बच्चों की विधवा मां अमरीन अहमद एक बड़े धोखे का शिकार हो गईं. अमरीन का इल्जाम है कि अविनाश यादव, जिससे उनकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी और जिससे उन्होंने शादी की, उसने न सिर्फ धोखे से उनसे शादी की, बल्कि उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये, गहने और यहां तक कि उनकी पेंशन का पैसा भी हड़प लिया.
दरअसल, अमरीन मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली हैं और NCL कृष्णाशिला प्रोजेक्ट में काम करती हैं. शौहर की मौत के बाद वह अपने बच्चों के साथ रह रही थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात फेसबुक पर गाजीपुर के रहने वाले अविनाश यादव से हुई. दोनों की दोस्ती बढ़ी और बातचीत प्यार में बदल गई. फरवरी 2024 में दोनों ओडिशा गए और कोर्ट मैरिज कर ली.
शादी के बाद सामने आई सच्चाई
अमरीन का आरोप है कि शादी के बाद अविनाश ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उनका आर्थिक शोषण किया. बाद में यह भी पता चला कि अविनाश पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने शादी से पहले यह बात छिपाई थी. पीड़िता के मुताबिक, अविनाश ने उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये, सोने के गहने और दूसरी कीमती चीज़ें हड़प लीं. उसने धोखे से उनकी पेंशन का पैसा भी ले लिया.
अमरीन की जान को खतरा
जब हालात ज़्यादा खराब हो गए, तो अमरीन ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली के नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई. FIR दर्ज होने के बाद अविनाश यादव अपने परिवार के साथ फरार हो गया. अमरीन ने बताया कि अब उन्हें अपने पति से अपनी जान का खतरा है और उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग की है. न्याय की तलाश में अमरीन गोरखपुर गईं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसुनवाई कार्यक्रम में लिखित शिकायत दी. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद न्याय की उनकी उम्मीद बढ़ गई है.
पुलिस जांच जारी
सिंगरौली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि अविनाश यादव को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी.