)
Sitamarhi News: जिले के कोर्ट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब तलाक के एक मामले की सुनवाई के दौरान पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, मामला इतना बढ़ गया कि कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और आम लोगों को हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराना पड़ा. इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला पूर्वी चंपारण के रहने वाले एक युवक और महिंदवारा थाना क्षेत्र के नुनौरा गांव की एक महिला से जुड़ा है. दोनों की शादी कुछ साल पहले हुई थी और उनकी एक बेटी भी है, शादी के बाद युवक काम की तलाश में बाहर चला गया. इसी दौरान महिला का प्रेम प्रसंग एक मुस्लिम युवक से हो गया.
पति का आरोप है कि महिला ने उससे तलाक लिए बिना दूसरे धर्म के युवक से शादी कर ली और अब उसके साथ भी एक बच्चा है. इस मामले की पति ने कोर्ट में तलाक और बच्ची की कस्टडी के लिए याचिका दाखिल की है. फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है. इस शख्स का कहना है कि वह अपने बच्चे को वापस लेना चाहता है.
गुरुवार को जब दोनों कोर्ट में उपस्थित हुए, तो बाहर निकलते ही उनके बीच बहस शुरू हो गई. पति ने आरोप लगाते हुए कहा कि पत्नी ने उसे धोखा दिया और बगैर तलाक लिए दूसरी शादी कर ली. इस दौरान कोर्ट परिसर में खड़े लोगों की भीड़ जमा हो गई.
यह मामला केवल पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक दृष्टिकोण से भी संवेदनशील माना जा रहा है. पति की ओर से यह सवाल उठाया गया है कि बिना तलाक के दूसरे धर्म में विवाह वैध कैसे हो सकता है? अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत इस मामले में क्या फैसला सुनाती है.