Uttar Pradesh State Haj Inspector 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने अगले साल होने वाले हज की तैयारियां शुरू कर दी हैं. साल 2026 में उत्तर प्रदेश से 17,226 जायरी हज के पाक सफर पर जाएंगे. इसी क्रम में हाजियों की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 150 स्टेट हज इंस्पेक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की. हज इंस्पेक्टर के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 7 नवंबर हैं.
Trending Photos
)
Uttar Pradesh News Today: इस्लाम में हज का काफी खास स्थान है. दुनियाभर के मुसलमानों की ख्वाहिश होती है कि वह जिंदगी में एक बार हज कर ले. आगामी साल होने वाले हज को लेकर भारत सरकार ने भी सारी तैयारियां कर ली हैं. देश के सभी राज्यों ने हाजियों की लिस्ट फाइनल कर दी है. देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश से 17,226 जायरीन अगले साल हज के लिए मक्का जाएंगे.
उत्तर प्रदेश सरकार ने हाजियों की सुविधा के लिए कई कदम उठाए हैं, जिससे उन्हें पवित्र शहर मक्का में हज के रस्मों की अदायगी में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसी कड़ी में जायरीन की सेवा, सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 150 स्टेट हज इंस्पेक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है. इन इंस्पेक्टरों का चयन पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा.
स्टेट हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को मौका देने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन करने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 7 नवंबर कर दी है. इससे पहले आखिरी तारीख 3 नवंबर थी. अब तक करीब 550 सरकारी कर्मचारियों ने इसके लिए आवेदन किया है. चयन प्रक्रिया के तहत 16 नवंबर को एग्जाम और नवंबर के चौथे हफ्ते में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे.
चयनित हज इंस्पेक्टरों को हज यात्रा के दौरान सऊदी अरब में तैनात किया जाएगा. वहां ये इंस्पेक्टर राज्य के हाजियों की मदद करेंगे. औरतों के लिए महिला हाजी इंस्पेक्टर और मर्दों के लिए पुरूष हज इंस्पेक्टर तैनात किए जाएंगे. एसपी तिवारी ने बताया कि इन इंस्पेक्टरों को डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम, मोबाइल एप्लिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग सिस्टम के माध्यम से हाजियों की निगरानी और सहायता करने के निर्देश दिए जाएंगे.
स्टेट हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने आगे बताया कि हर हज इंस्पेक्टर को अपने ग्रुप की पूरी जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. इसके अलावा सऊदी अरब में हज यात्रियों के लिए मेडिकल कैंप, सूचना केंद्र और शिकायत निवारण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिनकी निगरानी यही हज इंस्पेक्टर करेंगे.
यह भी पढ़ें: जोहरान ममदानी को हराने की सारी साजिशें नाकाम; ट्रंप-कट्टरपंथी यहूदियों ने खर्च कर दिए 2,21,62,67,500 रुपये