)
Tamil Nadu News Today: देश के सामाजिक माहौल को लेकर एक बार फिर बड़ी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने देशभर में फैल रही नफरत और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों पर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ दक्षिणपंथी विचारधारा वाली सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह स्थिति हमेशा के लिए नहीं है और ऐसे नफरत फैलाने वाले तत्व ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाएंगे.
चेन्नई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताई. उन्होंने कहा, "देशभर में नफरत भड़काने की कोशिश की जा रही है. कई राज्यों में अल्पसंख्यकों को टारगेट किया जा रहा है." मुख्यमंत्री ने कहा, "भारत में अल्पसंख्यक समुदाय ने इससे पहले इस तरह की चुनौतियों का सामना कभी नहीं किया है."
Chennai | Tamil Nadu CM MK Stalin says, "...Across India, hatred is being instigated in many states. Minorities in the country have never faced such challenges before. But this situation is not permanent. Forces trying to disturb religious harmony will not last long..." pic.twitter.com/dt8nmbJ2sA
— ANI (@ANI) August 22, 2025
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने आगे कहा, "हालांकि, यह स्थिति स्थायी नहीं है. ऐसे में जो ताकतें धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं, वे ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएंगी." मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब देश के अलग-अलग हिस्सों से सांप्रदायिक तनाव और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आत्मा धार्मिक सहिष्णुता और विविधता में एकता है, जिसे कोई भी खत्म नहीं कर सकता है.
देश में मुसलमानों पर बढ़े हमले
बता दें, हालिया कुछ महीनों में देशभर में मुस्लिमों को उनके धार्मिक पहचान की वजह से निशाना बनाया जा रहा है. जून 2024 से अगस्त 2025 तक, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, और पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समुदाय पर मॉब लिंचिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं. जिसमें कई लोगों की मौत भी हो चुकी है. उन घटनाओं में से कुछ जिक्र नीचे किया गया है.
रायपुर, छत्तीसगढ़ (7 जून 2024): मवेशी तस्करी के संदेह में दक्षिणपंथी भीड़ ने तीन मुस्लिम नौजवानों पर हमला कर दिया. पीड़ित मुस्लिम नौजवानों की पहचान सद्दाम कुरैशी, चांद मियां खान और गुड्डू खान के रुप में हुई. इस हमले में दो की मौके पर मौत हो गई, तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
अलीगढ़, उत्तर प्रदेश (18 जून 2024): उत्तर प्रदेश में हालिया दिनों मुसलमानों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं. मोहम्मद फरीद (उर्फ औरंगजेब) नाम के शख्स को चोरी का आरोप लगाकर बहुसंख्यक समाज की भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला. बताया जा रहा है कि स्थानीय राजनेताओं ने आरोपियों का समर्थन किया था.
आनंद, गुजरात (22 जून 2024): क्रिकेट मैच के दौरान मामूली कहासुनी में सलमान वोहरा (23) की भीड़ ने जान ले ली.
कोलकाता, पश्चिम बंगाल (28 जून 2024): मुस्लिम नौजवान इरशाद आलम को चोरी के शक में मार दिया गया. इसके अगले माह यानी जुलाई में राज्य में 5 मुसलमानों की लिंचिंग हुई. इन घटनाओं में देश के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय को झकझोर कर रख दिया.
झारखंड, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों में भी मुसलमानों को संदेह के आधार पर पीटा गया, जिससे सांप्रदायिक तनाव और भय का माहौल बना हुआ है. बीते 20 अगस्त को अलीगढ़ में एक मुस्लिम दुकानदार को बहुसंख्यक समुदाय के 10 से 15 लोगों ने हमला कर दिया, जिसकी वजह से 21 वर्षीय नौवजवान गंभीर रुप से घायल हो गया.