)
Telangana CM on Muslims: तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयान पर बवाल मचा हुआ है. दरअसल, उन्होंने हाल ही में कहा था कि मुस्लिम इसलिए हैं क्योंकि कांग्रेस है, कांग्रेस नहीं तो आप कुछ नहीं. उनके इस बयान की काफी मज़म्मत हो रही है. स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन (SIO) ने कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि उनका यह बयान काफी अपमानजनक और विभाजनकारी है. सीएम को पब्लिकली माफी मांगनी चाहिए.
SIO की तेलंगाना यूनिट्स ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि किसी भी समुदाय की ताकत और पहचान उसके अपने सिद्धांतों और ईमानदारी पर निर्भर करती है, न कि किसी राजनीतिक दल के समर्थन या संरक्षण पर. संगठन ने कहा,"ऐसा बयान न केवल राजनीतिक रूप से गैरजिम्मेदाराना है, बल्कि पूरे मुस्लिम समुदाय की आत्मसम्मान और गरिमा पर सीधा हमला है."
SIO ने कहा कि यह टिप्पणी एक जमींदारी सोच और वोट बैंक की मानसिकता को उजागर करती है. संगठन के अनुसार, जब कोई मुख्यमंत्री किसी पूरे समुदाय की पहचान पर एकाधिकार जताने की कोशिश करता है, तो यह लोकतांत्रिक और नैतिक मूल्यों के पतन को दर्शाता है. SIO ने मांग की कि मुख्यमंत्री अपने शब्दों को तुरंत वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.
संगठन ने भारत के चुनाव आयोग (ECI) से भी अपील की कि वह ऐसे भड़काऊ और अलोकतांत्रिक बयानों पर गंभीरता से संज्ञान ले, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना का उल्लंघन करते हैंय
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव (KTR) ने भी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान की निंदा की. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि कोई धर्म या समुदाय उनके कारण अस्तित्व में है.
KTR ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा,"भारत का संविधान अपने सभी नागरिकों को धर्म की स्वतंत्रता का मौलिक अधिकार देता है. बाबा साहब आंबेडकर की वजह से संविधान में अनुच्छेद 25 से 28 तक धार्मिक स्वतंत्रता को शामिल किया गया है. यही संविधान हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन, प्रचार और प्रसार करने की आज़ादी देता है. भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जैसा कि प्रस्तावना में उल्लेख है.ठ
उन्होंने आगे लिखा,"न तो बीजेपी और न ही कांग्रेस हमारी पसंद को तय कर सकती है. यह संविधान है जो हमें यह अधिकार देता है. श्री रेवंत रेड्डी, इस महान राष्ट्र का मज़ाक उड़ाना बंद कीजिए और अपनी घटिया राजनीतिक बयानबाज़ी से बाज आइए."