)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में तैनात ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर मोहम्मद आफाक को स्कूल के बच्चों को पैगंबर मोहम्मद (स.) की शिक्षाओं के बारे में बताना भारी पड़ गया है. हिंदूवादी संगठनों की शिकायत पर प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है.
दरअसल, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर मोहम्मद आफाक कन्नौज के ठठिया के आदर्श नगर इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता अभियान में पहुंचे थे. यहां वह स्कूल के बच्चियों को भावुक संदेश देने के लिए पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं को बताया. उन्होंने बच्चियों को बताया कि अरब में पैगंबर मोहम्मद से पहले बच्चियों को मार दिया जाता था. जब पैगंबर मोहम्मद (स.) आए तो बच्चियों को बचाने की कोशिश की और सुरक्षा दी. इसी बयान को लेकर हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने विरोध जताया.
ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर आफाक का आदर्श नगर इंटर कॉलेज में दिया गया भाषण वायरल हो गया, जिसमें वह पैगंबर मोहम्मद (स.) की शिक्षाओं का जिक्र कर रहे हैं. हिंदूवादी संगठन ने इसका विरोध किया और पुलिस मुख्यालय पहुंचकर एसपी विनोद कुमार से शिकायत की. हिंदूवादी संगठन ने आफाक पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी. अब खबर है कि आफाक को निलंबित कर दिया गया है.
हिंदूवादी संगठनों का कहना था कि पुलिस वर्दी में मोहम्मद आफाक इस्लामिक बातें कर रहे हैं, जो बर्दाश्त के लायक नहीं है. हिंदूवादी संगठन के लोगों ने कहा कि आफाक अपनी कट्टरपंथी मजहबी सोच को दिखा रहे हैं. अब सवाल यह उठ रहा है कि जब कोई पुलिसकर्मी सावन में कांवड़ियों की सेवा करता है, धार्मिक ध्वज लेकर चलता है, हनुमान जी का गदा लेकर चलता है, पुलिस वर्दी में मंदिर जाता है, तब उन पुलिसकर्मियों को निलंबित क्यों नहीं किया जाता?