Actor Faisal Khan Ajmer Sharif Dargah Visit: मशहूर टीवी सीरियल 'महाराणा प्रताप' फेम एक्टर फैसल खान अजमेर शरीफ दरगाह की जियारत करने पहुंचे. दरगाह पर फैसल खान को देखकर फैन्स की भीड़ इकट्ठा हो गई. यहां पहुंच कर ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह में फैसल खान ने अपने नए प्रोजेक्ट्स की कामयाबी और करियर की तरक्की के लिए दुआ मांगी.
Trending Photos
)
Ajmer Sharif Dargah News Today: अजमेर शरीफ दरगाह पर हमेशा अकीदमंदों का जमावड़ा होता है. मशहूर सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैहि के मुरीदों में न सिर्फ मुस्लिम समुदाय के लोग बल्कि हिंदू, क्रिश्चियन और दूसरे मजहब के लोग बड़ी संख्या में है. अक्सर फिल्म स्टार, सियासी जगत के दिग्गज, क्रिकेटर और आमो खास अपनी मन्नतें लेकर अजमेर पहुंचते हैं.
मंगलवार (18 नवंबर) को ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह में मशहर एक्टर फैसल खान पहुंचे. यहां पर टीवी सीरियल 'महाराणा प्रताप' फेम फैसल खान ने अजमेर शरीफ स्थित सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैहि की दरगाह जियारत की. उन्होंने सुल्तानुल हिन्द की बारगाह में पहुंचकर अपने नए प्रोजेक्ट के कामयाबी के लिए खास दुआ मांगी.
दरगाह पहुंचकर फैसल खान ने चादर और फूल पेश किए. इसके बाद अजमेर शरीफ दरगाह के खादिम सैय्यद कुतबुद्दीन सखी ने फैसल खान को जियारत करवाकर दस्तारबंदी की और तबर्रुक भेंट किया. अजमेर दरगाह परिसर में फैसल खान को देखकर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. फैन्स ने उनसे मुलाकात कर सेल्फी लेते नजर आए.
मीडिया से बातचीत में फैसल खान ने बताया कि उन्हें टीवी के मशहूर ऐतिहासिक शो 'भारत का वीर पुत्र- महाराणा प्रताप' में काम करने का मौका मिला था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने कई अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया है. सोशल मीडिया पर उनके फैन्स ने उन्हें टीवी शो 'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' के एक अहम किरदार के लिए पहली पसंद बताया था, लेकिन उनकी व्यस्तता की वजह से शो के डायरेक्टर ने दूसरे एक्टर्स को मौका दे दिया.
फैसल खान ने कहा कि उन्हें ख्वाजा गरीब नवाज साहब से गहरी अकीदत है और वे अपनी जिंदगी में मिली कामयाबी के लिए समय-समय पर दरगाह में शुकराना अदा करने आते रहते हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें नए प्रोजेक्ट मिल रहे हैं और कुछ काम शुरू भी कर दिए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीवी सीरियल और फिल्मों के जरिए आगे भी कामयाबी मिलती रहेगी.
फैसल खान अब तक डांस इंडिया डांस, सीआईडी, धर्म योद्धा गरुड़, चंद्रगुप्त मौर्य, बेबी बाजी, अमानत, और मोदी: द जर्नी ऑफ अ कॉमन मैन जैसे कार्यक्रमों में अपनी अदाकारी दिखा चुके हैं. मशहूर ऐतिहासिक शो 'भारत का वीर पुत्र- महाराणा प्रताप' ने फैसल खान को घर-घर में मशहूर कर दिया.
यह भी पढ़ें: Chennai: 1877 से आम लोगों के लिए खुली थी मस्जिद, अब एंट्री पर रोक क्यों? SC ने की याचिका खारिज