Sanction on Ahmed Al Sharaa removed: यूएनएससी ने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल शरा से सैंक्शन हटा लिए हैं. इन सैंक्शन्स को हटवाने में अमेरिका का बड़ा हाथ माना जा रहा है. पूरी खबर पढ़ने के लिए स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Sanction on Ahmed Al Sharaa removed: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने गुरुवार को अहमद अल-शरा पर लगे प्रतिबंध हटाने के पक्ष में मतदान किया. इसके साथ ही सीरियाई राष्ट्रपति का नाम दाएश (ISIS) और अल-कायदा बैन लिस्ट से भी हटा दिया गया. इस कदम को व्यापक रूप से असद के बाद सीरिया में नई राजनीतिक व्यवस्था की अंतरराष्ट्रीय मान्यता के तौर पर देखा जा रहा है.
संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव 2729 को 15 सदस्यीय परिषद ने पारित किया था. 14 सदस्यों ने इसका समर्थन किया, किसी ने विरोध नहीं किया, जबकि चीन ने मतदान से परहेज किया. इस प्रस्ताव के तहत सीरिया के गृह मंत्री अनस हसन खत्ताब का नाम भी इसी प्रतिबंध लिस्ट से हटा दिया गया है.
इसके बाद परिषद ने ऐलान किया कि अब ये दोनों नेता पहले से लागू प्रॉपर्टी फ्रीज और यात्रा से जुड़ी रोक के दायरे में नहीं रहेंगे. अल-शरा गुरुवार को ब्राज़ील के बेलेम शहर पहुंचे, जहां वे संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP 30) में भाग ले रहे हैं. सोमवार को उनकी मुलाकात वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने वाली है.
अल-शरा ने दिसंबर 2024 में असद शासन को गिराने वाले हयात तहरीर अल-शाम गठबंधन का नेतृत्व किया था. उसी के बाद वे सीरिया के लीडर बने थे. अमेरिका पिछले कई महीनों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पर सीरिया और उसकी नई सरकार के अधिकारियों पर लगे प्रतिबंधों को कम करने का दबाव बना रहा था.
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के स्थायी प्रतिनिधि माइक वॉल्ट्ज ने कहा कि इस प्रस्ताव को पारित कर परिषद ने एक मजबूत राजनीतिक मैसेज दिया है कि दिसंबर 2024 में असद और उनके सहयोगियों के हटने के बाद सीरिया एक नए दौर में दाखिल हो चुका है.
उन्होंने कहा, "अब सीरिया में राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के नेतृत्व में एक नई सरकार है, जो आतंकवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ काम कर रही है, रासायनिक हथियारों के अवशेष खत्म करने, क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ाने और एक समावेशी, सीरियाई नेतृत्व वाली राजनीतिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी कह चुके हैं, यह सीरिया के महान बनने का मौका है."
अल-शरा पर मई 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगाए थे, जब हयात तहरीर अल-शाम संगठन, जो उस समय अल-कायदा से जुड़ा था, को दाएश और अल-कायदा प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया था. इस प्रतिबंध में यात्रा पर रोक और संपत्ति फ्रीज शामिल था, जो एक दशक से अधिक समय तक लागू रहा.
गुरुवार का मतदान कराने के पीछे भी अमेरिका का बड़ा रोल रहा. मई में अमेरिका के जरिए सीरिया पर से अधिकांश प्रतिबंध हटा दिए गए थे. ये प्रतिबंध 1979 में लगाए गए थे और 2011 में सीरियाई गृहयुद्ध के बाद और कड़े किए गए थे. इनमें व्यापार, निवेश और ऊर्जा निर्यात पर रोक शामिल थी. हालांकि अधिकांश प्रतिबंध हटा लिए गए हैं.