)
Sambhal News Today: दीवाली के बाद 'भाई दूज' के त्योहार की पूरे उत्तर प्रदेश में धूम देखी गई. भारत में 'भाई दूज' के त्योहार पर अनूठी परंपराएं देखने को मिलती हैं जिसकी पूरी दुनिया में सरहाना होती है. इस बार भी 'भाई दूज' पर गंगा जमुनी तहजीब और मजहबी बंधनों से परे भाई बहन के प्यार का अनूठा संगम देखने को मिला, जब हिंदू बहन ने अपने मुसलमान मौलाना भाई को तिलक लगाया.
दरअसल, संभल में 'भाई दूज' के पाक मौके पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने चंदौसी स्थित अपने आवास पर अपने मुंह बोले भाई मौलाना फिरोज़ खां का पारंपरिक रूप से तिलक किया. इस दौरान दोनों के बीच भाई-बहन के रिश्ते का यह सुंदर नज़ारा देख हर कोई भावुक हो उठा, जबकि कुछ कट्टरपंथी लोगों ने इस पर सवाल भी उठाए हैं.
कार्यक्रम के दौरान मौलाना फिरोज खां ने कट्टरपंथियों को एक अहम नसीहत दी. उन्होंने कहा कि "हिंदू त्योहार मनाने, राखी बंधवाने, तिलक लगाने या मंदिर जाने से इस्लाम की कोई तौहीन नहीं होती." मंत्री गुलाबो देवी के मुंहबोले भाई मौलान फिरोज ने आगे कहा, "इस्लाम की तौहीन तो तब होती है जब कोई बेइमानी करे, धोखा दे या किसी का हक छीन ले."
मौलाना फिरोज खां और मंत्री गुलाब देवी के बीच यह भाई-बहन का रिश्ता पिछले 13 सालों से चल रहा है. मौलाना हर साल रक्षा बंधन पर राखी बंधवाने और भाई दूज पर तिलक कराने चंदौसी स्थित मंत्री गुलाबो देवी के घर पहुंचते हैं. दोनों के बीच यह रिश्ता आपसी प्रेम और धार्मिक सौहार्द की मिसाल बन चुका है.
मौलाना फिरोज़ खां ने न सिर्फ त्योहारों में शामिल होकर आपसी भाईचारे की भावना दिखाई है बल्कि वह गुलाब देवी की तीनों बेटियों की शादी में 'भात' देने की रस्म भी निभा चुके हैं. मौलाना फिरोज खां वर्तमान में मौलाना मोहम्मद अली जौहर मदरसे के संचालक हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में सभी धर्मों को साथ लेकर चलना ही असली ताकत है और यही इंसानियत का रास्ता है.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam