UP News: उत्तर प्रदेश के सूरजपुर में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इस शख्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा था. पूरी खबर पढ़ें.
Trending Photos
)
UP News: उत्तर प्रदेश के सूरजपुर कोतवाली इलाके से एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर पाकिस्तान जिंदाबाद' लिखने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
आरोपी की पहचान मोनिश के तौर पर हुई है. जिसकी उम्र केवल 19 साल है और वह, रामपुर जिले के स्वार थाना इलाके के रसूलपुर गांव का रहने वाला है. फिलहाल वह ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में रहकर एवीजे हाइट्स सोसायटी के एक सैलून में काम करता है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोनिश आठवीं तक ही पढ़ा है. उसने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो पर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' लिखकर टिप्पणी की थी. यह आपत्तिजनक कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. कई लोगों ने स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस को सौंप दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने भी विरोध जताया है और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर लिया. एसीपी बीएस वीरकुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर देशविरोधी गतिविधियों को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा. पुलिस अब मोनिश के मोबाइल की जांच भी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. बता दें, पहलगाम हमले के बाद प्रशासन ऐसे मामलों को बड़ी गंभीरता से ले रहा है. सरकार ने कई पाकिस्तानी अकाउंट को बैन भी कर दिया है.