Trending Photos
)
UP News: उत्तर प्रदेश में दरगाहों और मदरसों के खिलाफ एक्शन जारी है. लोगों के पास एक नोटिस आता है कि यह जगह अवैध है या तो आप इसे खुद हटा लें या फिर सरकार इसे हटाएगी. अब ऐसा ही मामाला ग्राम पंचायत बादलपुर से आया है. जहां शुक्रवार को एक मदरसे को ढहा दिया गया. यह मदरसा, 'अनवारुल उलूम अस्सलफिया', साल 1975 से चल रहा था. प्रशासन ने इसे अतिक्रमण मानते हुए नोटिस दिया था, जिसके बाद मदरसा मालिक ने बुलडोजर बुलाकर खुद हटा दिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कई सालों से इसमें पढ़ाई नहीं हो रही थी. आरोप था कि यह मदरसा खलिहान की जमीन पर बना हुआ है. इसकी शिकायत हाल ही में तहसील दिवस के दौरान की गई थी. तहसीलदार तुलसीपुर ज्ञानेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि अब जमीन पूरी तरह खाली हो चुकी है और पंचायत को निर्देशित किया गया है कि जमीन की निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि मुस्तकबिल में कोई दोबारा कब्ज़ा न कर सके.
मदरसा का मैनेजमेंट करने वाले अनीस अहमद ने बताया कि सालों से इस मदरसे में पढ़ाई नहीं हो रही थी. कुछ दिन पहले राजस्व अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि ये मदरसा अतिक्रमण की कैटेगरी में आता है और अगर इसे नहीं हटाया गया तो प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. चेतावनी के बाद उन्होंने जेसीबी बुलवाकर खुद ही मदरसे को गिरवा दिया.
लेखपाल विनोद वर्मा ने बताया कि गांव के रहने वाले श्रमवीर सिंह ने 3 मई को तहसील दिवस में प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की थी. इसके बाद राजस्व विभाग ने जमीन की पैमाइश कराई, जिसमें पाया गया कि खलिहान की जमीन पर मदरसा बना हुआ था.
बीते कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश सरकार ने कई अवैध जगहों पर नोटिस भेजकर एक्शन लिया है. नेपाल से सटे इलाकों में कई मदरसे तोड़े गए हैं. वहीं दिल्ली के ओखला में भी सरकार ने खुद की जमीन बताकर नोटिस चस्पा किए हैं और 15 दिनों का वक्त दिया है. इसके बाद बुलडोजर एक्शन की उम्मीद है.