)
UPSSSC PET Exam 2025: झांसी में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के जरिये आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) के दौरान एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. जहां अधिकारियों ने एक साल्वर को गिरफ्तार किया है, जो दूसरे की जगह पेपर देने आया था. परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी की पहचान मोहम्मद इलियास के रुप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक, इस परीक्षा में वाराणसी के रहने वाले मोहम्मद इलियास, प्रयागराज के रहने वाले पवन कुमार साहू नाम शख्स की जगह PET की परीक्षा देने पहुंचा था. यह घटना झांसी के सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परीक्षा केंद्र पर हुई.
इस फर्जीवाड़े का खुलासा उस समय हुआ जब परीक्षा के दौरान परीक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने फोटो और बायोमेट्रिक मिलान किया. इसी प्रक्रिया में यह धोखाधड़ी पकड़ में आई, जब परीक्षा केंद्र के अधीक्षक वीरेंद्र कुमार ने फोटो और बायोमेट्रिक में गड़बड़ी देखी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को लिखित सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद इलियास को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश किया.
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान यह मामला सामने आया. परीक्षा कराने वाली प्राइवेट एजेंसी के कर्मचारियों ने फोटो और बायोमेट्रिक मिसमैच की पुष्टि की. इसके आधार पर मोहम्मद इलियास के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 की धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
पुलिस अब इस पूरे मामले में प्रयागराज के पवन कुमार साहू को भी जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है. दरअसल, पवन साहू वही शख्स है, जिसकी जगह मोहम्मद इलियास परीक्षा दे रहा था. स्थानीय अधिकारी और पुलिस प्रशासन इस मामले में पूरी जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.