)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां जियाउद्दीन नाम के एक व्यक्ति ने भाजपा (BJP) कार्यकर्ता के घर को ट्रैक्टर से गिरा दिया. इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश की प्रशासन ने जियाउद्दीन के घर पर बुलडोजर कार्रवाई कर उसे ध्वस्त कर दिया.
दरअसल, बीते 16 अगस्त को आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भावारायपुर गांव में भाजपा नेता ओंकार गौड़ का घर ट्रैक्टर की मदद से पड़ोसी जियाउद्दीन ने गिरा दिया. ओंकार गौड़ की तरफ से ऐसा इल्जाम लगाया गया है. इस घटना के बाद भाजपा नेता ओंकार गौड़ ने बिलरियागंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद प्रशासन ने मुल्जिम के खिलाफ नोटिस चस्पा किया था.
वहीं, प्रशासन ने मुल्जिम जियाउद्दीन के घर को अवैध करार देते हुए जेसीबी से उस घर को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया गया था. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर 6 थानों की पुलिस, PSC को तैनात किया गया था. साथ ही राजस्व की टीम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी मौके पर मौजूद रहे और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई.
भाजपा नेता ओंकार गौड़ा ने शिकायती पत्र में इल्जाम लगाते हुए बताया कि जिस जमीन पर मेरा घर बना हुआ था, उस जमीन पर जियाउद्दीन और सदरूद्दीन जबरदस्ती कब्जा करना चाहते थे. शिकायती पत्र के मुताबिक जन्माष्टमी की शाम को मुल्जिमों ने अपने 10 से 15 समर्थकों के साथ आया और घर पर हमला करते हुए ट्रैक्टर से घर गिराने लगा, जब ओंकार गौड़ा ने इसका विरोध किया तो मुल्जिमों ने गाली-गलौज करने के साथ मारपीट शुरू कर दी.
बता दें कि मुल्जिम जियाउद्दीन और सदरूद्दीन का घर भाजपा नेता ओंकार गौड़ के घर के पड़ोस में है. मुल्जिम जियाउद्दीन, सदरुद्दीन और कमरुद्दीन के खिलाफ पहले से ही तहसील प्रशासन ने 2022 में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे के इल्जाम में बेदखली का आदेश पारित किया था. अब प्रशासन की ओर से मुल्जिम जियाउद्दीन के मकान को जेसीबी से गिराने की कार्रवाई की गई है.