)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन जारी है. इसी कड़ी में मेरठ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. मेरठ में कुख्यात इनामी बदमाश और बलात्कार के आरोपी शहजाद उर्फ निक्की का एनकाउंटर कर दिया गया है. शहजाद ने हाल ही में थाना इंचोली क्षेत्र में एक घर में घुसकर फायरिंग की थी. इस घटना के बाद मेरठ पुलिस एक्टिव हुई और शहजाद की घेराबंदी की गई. इस दौरान शहजाद ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी. मेरठ पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और शहजाद को ढेर कर दिया गया.
अधिकारियों की माने तो मिशन शक्ति के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. दरअसल मेरठ के बहसूमा के रहने वाले शहजाद पर एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोप है. इंतहा तब हो गई जब कल रात शहजाद उस बच्ची के घर जाकर फायरिंग करने लगा. इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी शहजाद की तलाश के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया और फिर उसकी घेराबंदी की गई. मेरठ के सुरूरपुर थाने के जंगली इलाके में घेराबंदी के दौरान शहजाद ने पुलिस पर हमला किया. इस दौरान जवाबी फायरिंग में शहजाद को गोली लग गई.
गोली लगने के बाद पुलिस की टीम शहजाद को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने शहजाद को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शहजाद के पास से एक बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है. इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग एसएसपी विपिन ताडा कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी शहजाद ने इससे पहले भी एक मासूम बच्ची से बलात्कार किया था. जिसमें 5 साल जेल में रहने के बाद उसने वापस आकर फिर एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. इसके अलावा और भी कई आपराधिक मामले भी उसके ऊपर दर्ज हैं. उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है.