Uttarakhand News: उत्तराखंड के एक प्राइवेट स्कूल में छात्रों से कलमा पढ़ाने का एक कथित वीडियो वायरल होने पर बवाल खड़ा हो गया है. हिंदूवादी संगठन के लोगों ने प्रशासन से इस स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
Trending Photos
)
Uttarakhand News: उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र के कौशल्यापुरी के आदर्शनगर मोहल्ले में एक स्कूल में कथित तौर पर कलमा पढ़ाए जाने पर बवाल खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि कौशल्यापुरी के एक स्कूल में बच्चों को इस्लामिक कलमा पढ़ाया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने स्कूल और स्कूल प्रशासन के खिलाफ विरोध किया और एसडीएम को ज्ञापन देकर संचालक के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की माँग की.
बता दें कि बाजपुर के आदर्शनगर मोहल्ले में संचालित एक निजी स्कूल में प्रार्थना के दौरान हिंदू छात्रों को कलमा पढ़वाने का आरोप लगाया गया था. इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ छात्र अरबी भाषा के शब्दों का उच्चारण करते दिख रहे थे. इसी वीडियो के आधार पर विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा प्रांत मंत्री यशपाल राजहंस ने आपत्ति जताई है.
उनका कहना है कि छोटी कक्षाओं के हिंदू छात्रों को जबरन कलमा पढ़ाया गया, जो उनकी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है. वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एसडीएम को शिकायत दर्ज करवाई है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र सैनी ने बताया कि स्कूल में हिन्दू 110 बच्चे और 80 मुस्लिम बच्चे पढ़ते हैं. स्कूल में लगभग एक साल से प्रार्थना के समय सभी बच्चों को बिस्मिल्लाह कलमा पढ़ाया जा रहा था. स्कूल में कलमा पढ़ने की वीडियो वायरल होने पर कलमा पढ़ाना बंद कर दिया है.
इस मामले पर जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी पीएस रावत ने कहा कि उन्होंने इस घटना की जानकारी मिली है कि एक प्राइवेट स्कूल में कलमा पढ़ाया जा रहा था. इस मामले की जांच करने पर पता चला कि यह प्राइवेट स्कूल मुस्लिम बहुल इलाके में और इस स्कूल में मुस्लिम और हिंदू दोनों समुदाय के बच्चे पढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति के मुताबिक स्कूल में इस प्रकार का काम गलत है. उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले पर संबंधित स्कूल को नोटिस जारी किया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले पर संबंधित स्कूल के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.