)
Uttarakhand Mob Lynching Case Update: उत्तराखंड के श्रीनगर में तीन लोगों ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले एक मुस्लिम ट्रक ड्राइवर की मॉब लिंचिंग की कोशिश की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, जिस ट्रक ड्राइवर की पिटाई हुई थी, वह घटना वाले दिन से ही लापता था. परिवार काफी परेशान था, लेकिन आज पीड़ित अपने घर पहुंच गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. यह घटना 15 अगस्त का बताया जा रहा है.
दरअसल, उत्तराखंड के श्रीनगर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें 15 अगस्त को तीन युवक दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को मॉब लिंचिंग की कोशिश की. इतना ही नहीं, युवक उस व्यक्ति से जबरन जय श्री राम का नारा लगवा रहे हैं. मॉब लिंचिंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कैसे तीन युवक एक मुस्लिम व्यक्ति को पीटते, गाली-गलौज और बदसलूकी करते नज़र आ रहे हैं. यह वीडियो उत्तराखंड के श्रीनगर से वायरल हुआ है.
वायरल वीडियो होने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने संज्ञान लिया और श्रीनगर के SSP डॉ. जी.वी. संदीप चक्रवर्ती के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा संख्या 55/2025 धारा 115(2),196, 299(ए), 351(2), 352 बीएनएसएस दर्ज किया गया है. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम गठित की गई, गठित टीमों ने फौरन कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश भट्ट निवासी ग्राम श्यामपुर, (ऋषिकेश), मनीष निवासी फरसू डुंगरीपथ, (श्रीनगर) और नवीन भंडारी निवासी (कोटधार) के रुप में हुई है.
पीड़ित ने क्या कहा?
अब वीडियो में जिस व्यक्ति के साथ मारपीट हो रही है, वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का निवासी है और अपने पैतृक निवास सहारनपुर पहुंचकर उत्तराखंड पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है. पीड़ित ने जानकारी देते हुए बताया कि वह पेशे से ट्रक ड्राइवर है, जो सामान लेकर वहां पहुंचा था और जब वह चाय पीने के लिए एक दुकान पर पहुंचा, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके और उसके साथी के साथ बदसलूकी की. वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने उसे छुड़ाकर भगा दिया.
पीड़ित विधायक मिलने पहुंचे
पीड़ित ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मॉब लिंचिंग और दूसरे कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज नहीं किया है. सहारनपुर के बेहट विधायक उमर अली खान भी पीड़ित से मिलने पहुंचे और उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि मॉब लिंचिंग की ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.