)
नई दिल्ली: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर के मुंडिया देहात इलाके में प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ जामिया हनफिया रज़ाउल उलूम मदरसे को बुधवार की सुबह सील कर दिया. एसडीएम रिचा सिंह की रहनुमाई में हुई इस कार्रवाई से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बिना मान्यता के संचालित होने के इलज़ाम में मदरसे को सील किया गया है. प्रशासन की जानिब से नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है, जबकि मदरसा संचालक का कहना है कि मान्यता के लिए आवेदन पहले ही किया जा चुका था. मदरसा संचालक ने कार्रवाई को गलत बताते हुए ऐतराज जताया है.
गौरतलब है कि उत्तराखंड में कथित अवैध और गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. अवैध होने के इलज़ाम में कई मदरसे गिराए जा चुके हैं, और गैर-मान्यता प्राप्त होने के नाम पर सैकड़ों मदरसे सील किये जा चुके हैं. उत्तराखंड में सरकार ने पहले से चले आ रहे मदरसा बोर्ड को भंग कर दिया है, और उसकी जगह पर एक नया मदरसा नियंत्रण बोर्ड बनाया है. सरकार ने नए नियमों के तहत मदरसों में मॉडर्न एजुकेशन लागू की है. इसके बाद वैसे निजी मदरसे सरकार के निशाने पर हैं, जहाँ आज भी दीनी तालीम यानी इस्लाम और धार्मिक शिक्षा दी जा रही है.
सरकार के फैसले को कोर्ट में चुनौती
कई मुस्लिम संगठनों ने उत्तराखंड सरकार के इस फैसले को कोर्ट में चुनौती भी दी है कि सरकार का ये फैसला संविधान और नागरिक आधिकारों के खिलाफ है. संविधान देश में रहने वाले सभी अल्पसंख्यक को अपनी मर्ज़ी के मुताबिक शिक्षण संस्थान स्थापित करने और उसे चलाने का अधिकार देता है.
मदरसे की मान्यता के लिए आवेदन किया जा चुका था
इस मामले में मदरसा संचालक मौलाना इरशाद अली ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मदरसे की मान्यता के लिए आवेदन किया जा चुका है. इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा किया जा चुका है. इसकी सभी रिसीविंग प्रशासनिक अधिकारियों को दिखाई गई थीं. मदरसा संचालक के मुताबिक, कुछ समय पहले रुद्रपुर में मदरसों के संबंध में एक बैठक आयोजित हुई थी। संचालक का दावा है कि बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह बरनाला और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे. संचालक के मुताबिक, बैठक में मदरसों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 30 सितंबर तक का वक़्त दिए जाने की बात कही गई थी. इसी के तहत मदरसे के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया गया था. उनका दावा है कि फिलहाल मदरसे में पढ़ाई भी नहीं हो रही थी. इसके बावजूद प्रशासन ने मदरसे को सील कर दिया है.
बिना मान्यता संचालित मदरसों के खिलाफ हुई है कार्रवाई
वहीं, एसडीएम रिचा सिंह ने बताया कि इलाके में बिना मान्यता संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सीज की कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में मुंडिया देहात स्थित मदरसे पर कार्रवाई की गई है.