)
West Bengal Babri Masjid Controversy: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में आज (6 दिसंबर) को बाबरी मस्जिद की नींव रखी जाएगी. इसी कड़ी में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रवक्ता विनोद बंसल ने मुर्शिदाबाद में अल्पसंख्यक हिंदू समाज पर हिंसा का खतरा बताया है. उन्होंने कहा कि अगर बाबरी मस्जिद विध्वंस की वर्षी के बहाने हिंदू समाज पर हमला होता है, तो इसका जिम्मेदार विधायक हुमायूं कबीर होंगे और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी होंगी.
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि अभी मुर्शिदाबाद में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा हुई थी, इस घटना को हुए 9 महीने भी नहीं हुए और विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद के नाम पर फिर से हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की साजिश रची जा रही है.
VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने आगे कहा कि TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर जिहादी वोट बैंक को लुभाकर बंगाल के जिन्ना बनने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर में भले ही बाबर का खून न हो, लेकिन ऐसा लगता है कि उस विदेशी हमलावर की आत्मा उनमें ज़रूर घुस गई है. यही आत्मा कट्टरपंथी हुमायूं कबीर को बाबरी मस्जिद बनाने के लिए प्रेरित कर रही है.
लोगों को भड़का रहे हैं हुमायूं कबीर?
VHP प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि कबीर खुलेआम श्री राम जन्मभूमि मंदिर केस पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को "नकार" रहे हैं, और "अपने जिहादी ग्रुप को भड़काकर बंगाल और पूरे देश में सांप्रदायिक टेंशन भड़काने के लिए सस्ती राजनीति कर रहे हैं.
गौरतलब है कि TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर आज (6 दिसंबर) को बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे. इस आयोजन में लाखों लोगों के शामिल होने का अनुमान है, साथ ही सऊदी अरब से दो काजी भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए आएंगे. वहीं, इस आयोजन को देखते हुए इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए BSF, RAF और राज्य पुलिस को तैनात किया गया है.