)
Waqf Amendment Act: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ अमेंडमेंट एक्ट 2025 पर बीजेपी सरकार को घेरा है. ओवैसी ने कहा है कि ये सरकार आस्था की बात करती है और क्या हमारी आस्था, आस्था नहीं है?
एक रैली को खिताब करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि ये कानून कह रहा है कि पार्लियामेंट के सामने की मस्जिद वक्फ की नहीं रहेगी, सरकार की प्रॉपर्टी हो जाएगी. आप बताइये कि जिस मस्जिद का इमाम एक एमपी हो, जिसकी हायरिंग दिल्ली वक्फ बोर्ड ने की हो, ये कानून यह कह रहा है कि हम उस प्रॉपर्टी वक्फ की प्रॉपर्टी नहीं मानेंगे. क्या ऐसा करने पर कोई चुप बैठ सकता है.
ओवैसी ने आगे कहा कि यह हुकूमत आस्था-आस्था की बात करती है. क्या हमारी आस्था मस्जिद में नहीं है? क्या हमारी आस्था दरगाहों, यतीम खानों, इमामबाड़ो, ईदगाहों में नहीं है, जिन्हें वक्फ कर दिया गया. आखिर बीजेपी ने ऐसा कानून क्यों बनाया, सिर्फ मुस्लिम दुश्मनी की बुनियाद पर. इस कानून से वक्फ की हिफाजत नहीं होगी. इस कानून से वक्फ की आमदनी में इजाफा नहीं होगा.
उन्होंने आगे कहा कि इस कानून से कब्जा करने वाले को नहीं हटाया जा सकता. जो 12 साल से कब्जा करके बैठा है वह इसका मालिक बन जाएगा. पूरे मुल्क में बीजेपी वाले प्रोपेगेंडा कर रहे हैं कि ऐसा कुछ नहीं है. लेकिन, ये सब झूठ है.
क्या हमारी आस्था, आस्था नहीं है?pic.twitter.com/BkXWxvNgzN
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) May 22, 2025
बता दें, वक्फ के खिलाफ देश भर की अलग-अलग अपोजीशन पार्टियां विरोध में हैं, इनके साथ ही मुस्लिम तंजीमों के जरिए इस कानून का विरोध किया जा रहा है. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के जरिए वक्फ अमेंडमेंट एक्ट के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में एहतेजाज भी किया गया था. हालांकि, पहलगाम हमले को देखते हुए इन प्रदर्शनों को रोक दिया गया था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी.