Waqf Amendment Bill 2024, AIMPLB Protest: वक्फ अमेंडमेंट बिल के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड प्रोटेस्ट करने वाला है, जिसकी संगठन ने अब तारीख बदल दी है.
Trending Photos
)
Waqf Amendment Bill 2024, AIMPLB Protest: ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ अमेंडमेंट बिल 2024 के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की तारीख बदल दी है. अब यह प्रदर्शन 10 मार्च की बजाय 13 मार्च को सुबह 10 बजे किया जाएगा. बोर्ड के प्रवक्ता और प्रदर्शन के आयोजक डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास ने बताया कि तकनीकी वजहों से तारीख में बदलाव किया गया है.
केंद्र सरकार वक्फ अमेंडमेंट बिल 2024 को संसद के आने वाले सेशन में पास कराने की तैयारी में है. इसे लेकर मुस्लिम समाज में गहरी फिक्र बनी हुई है. बोर्ड का मानना है कि यह बिल मुस्लिम समुदाय की वक्फ प्रपर्टीज, मस्जिदों, कब्रिस्तानों, दरगाहों, मठों और मदरसों पर कब्जा करने और उन्हें तबाह करने के इरादे से लाया गया है. इसलिए इसे वापस लिया जाना चाहिए.
बोर्ड और दूसरे मजहबी संगठनों ने इस बिल के खिलाफ ज्वाइंट पार्लिटामेंटरी कमेटी को कई ईमेल भेजे और उनसे मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री से भी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें साफ किया गया कि मुस्लिम समाज इस बिल को कबूल नहीं करता है.
बोर्ड की मजलिस (कार्यकारिणी समिति) ने फैसला लिया है कि 13 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर सुबह 10 बजे प्रदर्शन किया जाएगा. इसमें बोर्ड का पूरा केंद्रीय नेतृत्व, धार्मिक संगठनों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और मुस्लिम समाज के लोग बड़ी तादाद में शामिल होंगे. इस प्रदर्शन में दलित, आदिवासी, ओबीसी समुदायों के सामाजिक-राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ सिख और ईसाई धर्मगुरु भी शामिल होंगे.
दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मेवात के मुसलमानों से प्रदर्शन में भारी तादाद में शामिल होने की अपील की गई है. बोर्ड के प्रवक्ता डॉ. इलियास ने कहा कि अगर यह अमेंडमेंट बिल पारित हुआ, तो मुस्लिम समाज की वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा पर गंभीर संकट आ सकता है. इसलिए यह हमारा धार्मिक कर्तव्य और राष्ट्रीय सम्मान का विषय है कि हम इसका पुरजोर विरोध करें.