)
Tejashwi on Asaduddin Owaisi: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया. ओवैसी ने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा था कि जब केवल 3 प्रतिशत आबादी वाले समुदाय के व्यक्ति को उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया जा सकता है, तो 17 प्रतिशत मुस्लिम आबादी में से किसी को उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया जा सकता?
पत्रकारों के जरिए पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा, "छोड़िए, मैं क्या कहूं इस पर? उन्होंने ओवैसी के बयान पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. ओवैसी ने मंगलवार को बिहार में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की थी, जिसके दौरान उन्होंने यह बयान दिया था.
तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की ओर से मंगलवार को की गई घोषणाएं संकल्प हैं, जिन्हें सत्ता में आने के बाद पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा,"जो ऐलान हमने कल किए थे, वो हमारा प्रण हैं. हम उन्हें मिलकर पूरा करेंगे. हमने कुछ बड़ी घोषणाएं भी की हैं. हम ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लागू करेंगे. खासतौर पर पत्रकारों के लिए हम संभागवार प्रेस क्लब बनाएंगे और पत्रकार आवास भी तैयार करेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों, चाहे वे पुलिसकर्मी हों, नर्स हों या शिक्षक के ट्रांसफर और पोस्टिंग उनके घर से 70 किलोमीटर के दायरे में ही किए जाएंगे. बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव दो फेज में होने हैं. 6 सिंतबर को पहला फेज और और 11 नवंबर 2025 दूसरा फेज होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी.