)
Colonel Sofia: मध्य प्रदेश सरकार में आदिवासी मामलों के मंत्री विजय शाह कर्नल सोफिया पर बयान देकर इन दिनों मुश्किलों में घिरे हुए हैं. अब इंदौर में कांग्रेस ने उन पर नया हमला बोलते हुए उन्हें 'लापता' घोषित कर दिया है. कांग्रेस नेताओं ने शहर में जगह-जगह 'गुमशुदा की तलाश' टाइटल वाले पोस्टर लगाए हैं और मंत्री की जानकारी देने वाले को 11,000 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है.
इंदौर जिला कांग्रेस सेवा दल के चीफ विवेक खंडेलवाल ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा,"विजय शाह अपने विवादित बयान के बाद से ही गायब हैं. वे न तो किसी पब्लिक प्रोग्राम्स में दिख रहे हैं और न ही हाल ही में हुई कैबिनेट मीटिंग में मौजूद थे. ऐसे में हमने उन्हें लापता मानते हुए पोस्टर लगाए हैं. जब तक वे इस्तीफा नहीं देते, हमारा विरोध जारी रहेगा."
12 मई को महू के पास एक प्रोग्राम के दौरान विजय शाह ने एक विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा था कि मोदी ने उनकी धर्म की बहन को उनके सामने खड़ा कर दिया. यानी नेता ने सीधे तौर पर कर्नल सोफिया को आतंकियों बहन की तरह बताया था. इसके बाद देश भर में उनके खिलाफ रिएक्शन्स आने शुरू हो गए थे.
इस विवादित बयान के बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां न्यायालय ने मंत्री शाह को फटकार लगाई और एसआईटी जांच के आदेश दिए. एसआईटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है.