)
Yemen Houthis: यमन के हूतियों के नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती ने आरोप लगाया है कि अमेरिका और इज़राइल हर दिन ग़ज़ा पट्टी के लोगों को मौत का खाना परोस रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस हफ्ते के अमेरिकी समर्थन वाले इज़राइली हमलों में अब तक 3,500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं या घायल हुए हैं, जिनमें मासूम बच्चे और औरतें शामिल हैं.
अल हूती ने दावा किया कि पिछले आठ महीनों में गाज़ा में हुई हवाई सहायता की मात्रा, एक दिन की ज़मीनी सहायता के बराबर भी नहीं है, उन्होंने अरब और मुस्लिम देशों के साथ-साथ आज़ाद विचार रखने वाले सभी लोगों से अपील की कि वे इज़राइल की विस्तारवादी नीतियों के खिलाफ एकजुट हों.
उन्होंने आरोप लगाया कि इज़राइल जानबूझकर उन इलाकों में लोगों को मार रहा है जिन्हें उसने सेफ एरिया घोषित किया है, और वहां बच्चों को निशाना बनाकर स्नाइपर हमले किए जा रहे हैं. अल-हूती के मुताबिक, इज़राइल ने सिर्फ पिछले हफ्ते वेस्ट बैंक में 61 तोड़फोड़ ऑपरेशन चलाए हैं.
अल हूती ने कहा कि ज़ायोनी ताकतें 1948 से 'अरबों की मौत' के नारे लगा रही हैं और अब दक्षिणी सीरिया को खाली कराकर वहां कब्ज़ा करना चाहती हैं. लेबनान पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लेबनानी सरकार अमेरिकी-इज़राइली दबाव के आगे झुक रही है और यह देश से विश्वासघात है,
बता दें, हूती विद्रोही लगातार गाजा में फिलिस्तीनियों के हो रहे नरसंहार के खिलाफ खड़ा है. यहां तक की लड़ाके संगठन ने रेड सी में इजराइल के कई जहाजों को निशाना बनाया है. इसके साथ ही वह हमेशा इजराइल पर मिसाइलों से हमले भी करता आया है.