)
Yati Narsinghanand: इस्लाम विरोधी बयानों की वजहों से चर्चा में रहने वाले महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद सरस्वती ने एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संविधान के खिलाफ भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग कर दी है. साथ ही उन्होंने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ एक बार फिर से जहरीले बयान दिए हैं.
दरअसल, हाल ही में नेपाल में सरकार विरोधी जनआंदोलन हुआ, जिसके बाद नेपाल के प्रधानमंत्री और कई मंत्री देश छोड़कर भागना पड़ा. इसी कड़ी में यति नरसिंहानंद ने गुरुवार (11 सितंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भारत में हिंदू राष्ट्र की मांग की. उन्होंने नेपाल का जिक्र करते हुए कहा कि नेपाल में हिंदुओं की भावनाओं को कुचला गया था. अव वहां के हिंदू जाग चुके हैं और नेपाल फिर से हिंदू राष्ट्र बनेगा.
उन्होंने भारतीय संविधान के खिलाफ विवादास्पद बयान देते हुए मांग की कि भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए. उन्होंने कहा कि ईसाइयों के सैकड़ों देश हैं, मुसलमानों का भी देश है, लेकिन हिंदुओं का अपना देश नहीं है. उन्होंने मांग की कि हिंदुओं का एक राष्ट्र हो, जहां एक भी मस्जिद, मदरसा या मुसलमान न हो. इसी बयान को लेकर बवाल खड़ा हो गया है. मुस्लिम समुदाय के लोग यति नरसिंहानंद की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
हिंदू महिलाओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी
यति नरसिंहानंद ने कहा कि उनकी सिर्फ एक ही तमन्ना है कि हिंदुओं के लिए एक हिंदू राष्ट्र हो. इस दौरान यति नरसिंहानंद ने विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि एक बेटा पैदा करने वाली हिंदू महिला नागिन के बराबर है, क्योंकि वह अपने बेटे का भाई पैदा नहीं करती.
जेल और कोर्ट का काट चुके हैं चक्कर
इससे पहले भी यति नरसिंहानंद अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा का विषय बन चुके हैं. वह आए दिन मुस्लिम समुदाय और इस्लाम के अजीम शख्सियत, जैसे पैगंबर मोहम्मद (स.) के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं. नरसिंहानंद अपने विवादित बयानों की वजह से जेल और कोर्ट का चक्कर लगा चुके हैं. इन सब के बावजूद यति नरसिंहानंद अपने विवादित बयानों से बाज नहीं आ रहे हैं.