)
Zaira Wasim Married: बॉलीवुड फिल्म 'दंगल' और सीकरेट सुपरस्टार जैसी मशहूर फिल्में देने वाली ज़ायरा वसीम ने शादी कर ली है. उन्होंने बॉलीवुड को 2019 में अलविदा कह दिया था. इसके पीछे उन्होंने इस्लाम वजह बताई थी.एक्ट्रेस ने शुक्रवार शाम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने निकाह की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिससे सब लोग हैरान हैं.
ज़ायरा ने समारोह की दो तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनका जीवन का यह पवित्र और शांत पल खूबसूरती से कैद है. पहली तस्वीर में वे अपने निकाहनामा पर दस्तखत करती नजर आ रही हैं. उनके हाथों में खूबसूरत मेंहदी की डिजाइन है और उन्होंने एक पन्ना जड़ी अंगूठी पहन रखी है. तस्वीर में ज़ायरा के हाथों का यह भावुक पल दिखता है जब वे दस्तखत कर अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करती हैं.
— Zaira Wasim (@ZairaWasimmm) October 17, 2025
दूसरी तस्वीर में ज़ायरा और उनके पति की पीछे से ली गई झलक है, जहां दोनों रात के आसमान के नीचे चांद को निहार रहे हैं. ज़ायरा ने गहरे लाल रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा है, जिस पर सुनहरी कढ़ाई की गई है. ज़ायरा ने तस्वीर के साथ एक छोटा कैप्शन लिखा है, "Qubool hai x3."
इसके साथ ही ज़ायरा ने एक कुरान की आयत भी तस्वीर के साथ पोस्ट की, जिसका ट्रांसलेशन कुछ इस तरह है,"और उसकी निशानियों में से यह भी है कि उसने तुम्हारे लिए तुम ही में से जीवनसाथी पैदा किया, ताकि तुम उनके पास सुकून पाओ."
“And among His signs is that He created for you spouses from among yourselves, so that you may find tranquility in them.”
—Qur’an pic.twitter.com/06weRSrzcO
— Zaira Wasim (@ZairaWasimmm) October 17, 2025
ज़ायरा वसीम ने 16 साल की उम्र में आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'दंगल' (2016) से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उन्होंने पहलवान गीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था. इस फिल्म में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ सपोर्टिंग एक्ट्रेस का सम्मान मिला था. इसके बाद उन्होंने 'सीक्रेट सुपरस्टार' (2017) में अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया और बॉलीवुड की उभरती हुई प्रतिभाशाली कलाकारों में शामिल हो गईं.
हालांकि, 2019 में ज़ायरा ने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया. उन्होंने कहा कि एक्टिंग उनके धार्मिक विश्वासों के साथ मेल नहीं खाती. एक भावनात्मक नोट में ज़ायरा ने लिखा था, "इस क्षेत्र ने मुझे प्यार, समर्थन और सराहना दी, लेकिन इसके साथ ही यह मुझे धीरे-धीरे ईमान से दूर ले गया."