US-Yemen News: अमेरिका ने मंगलवार की देर रात यमन में कम से कम 50 हवाई हमले किए हैं, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हुए है. इससे पहले भी अमेरिका ने मंगलवार को ही यमन के रेड सी में कामरान द्वीप और तेल-समृद्ध मारिब जिलें में 22 हवाई हमले किए है.
Trending Photos
)
US-Yemen News: यमन के हूती बलों ठिकानों पर अमेरिका रोजाना ही कहर बनकर टूट रहा है. बीती रात मंगलवार को अमेरिका ने यमन में तकरीबन 50 हवाई हमलों में किए हैं, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हुई हैं और 15 लोग घायल हुए हैं. इन हमलों की जानकारी हूती-नियंत्रित अल-मसीरा टीवी और स्थानीय स्वास्थ्य अफसरों ने दी है.
शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक अमेरिका ने यमन के रेड सी के बंदरगाह शहर होदेदा और धमार जिले को टारगेट किया है. इन हवाई हमलों में बंदरगाह शहर होदेदा के अमीन मुकबिल ज़िले के एक आवासीय इलाके को निशाना बनाया, जहां छह लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं. वही धमार जिले के एक फार्म पर हमले किए गए हैं, जिसमें 2 लोग घायल हुए हैं.
हूती टीवी और स्थानीय आवाम के मुताबिक हमलों में पश्चिम-मध्य प्रांत अमरान और केंद्रीय प्रांत इब्ब में दूरसंचार ढांचे को भी निशाना बनाया गया है. हूती टेलीविजन समाचार के मुताबिक सिविल डिफेंस टीमें लक्षित स्थलों पर लगी आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं.
रोजाना हवाई हमले जारी
मंगलवार को अमेरिका ने यमन में हूती बलों के ठिकानों पर अपने सैन्य अभियान को तेज कर दिया और कुल 50 हवाई हमले किए है. हालांकि अमेरिकी सेना ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन इससे पहले दिए गए बयानों में उसने कहा था, "जब तक हूती समूह रेड सी में वाणिज्यिक जहाज़ों और अमेरिकी युद्धपोतों पर हमले बंद नहीं करता, तब तक वह रोजाना हवाई हमले जारी रखेगा"
हमलों के जरिये इजरायल पर दवाब बनाने की कोशिश
लगातार अमेरिकी हवाई हमलों के बावजूद हूती समूह पीछे हटने को तैयार नहीं है. वह अब भी अमेरिका और इज़रायल से जुड़े हितों को निशाना बना रहा है. हूतियों का कहना है, "उनके हमलों का मकसद अमेरिका समर्थित इज़रायल पर दबाव बनाना है ताकि वह गाजा पट्टी पर हवाई हमले बंद करे और वहां मानवीय सहायता पहुंचने दे."
22 हवाई हमले
मंगलवार को ही अमेरिका ने हूती बलों पर अपने सैन्य अभियान को और तेज करते हुए उत्तरी यमन में 22 हवाई हमले किए हैं. अल-मसीरा टीवी और स्थानीय लोगों की रिपोर्ट के मुताबिक ये हमले राजधानी सना के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों रेड सी में कामरान द्वीप और तेल-समृद्ध मारिब प्रांत को निशाना बनाकर किए गए है.