)
Afghanistan Earthquake News: अफगानिस्तान आज सुबह एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से कांप उठा है. उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है. इस हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 100 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप के बाद अपने पेजर सिस्टम के माध्यम से नारंगी अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी में कहा गया कि इस भूकंप से बड़ी संख्या में जनहानि और व्यापक तबाही की आशंका है.
USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मजार-ए-शरीफ शहर से करीब 28 किलोमीटर की गहराई में स्थित था. यह शहर उत्तरी अफगानिस्तान का एक प्रमुख शहरी इलाका है, जिसकी आबादी लगभग 5.2 लाख है. झटके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के जिलों और पड़ोसी देशों में भी लोगों ने इन्हें महसूस किया.
भूकंप के बाद सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें ढही हुई इमारतें, मलबे में फंसे लोग और राहत कार्यों में जुटे स्थानीय लोग दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. कई इलाकों में संचार व्यवस्था बाधित हो गई है, जिससे राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं.
अफगानिस्तान में हाल के सालों में लगातार भूकंपीय झटकों से जूझ रहा है. इससे पहले 23 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि इस साल 31 अगस्त को देश के पूर्वी हिस्से में आए 6 तीव्रता के भूकंप में 2,200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. 2023 में पश्चिमी हेरात क्षेत्र में भी एक विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें 1,500 से ज़्यादा लोग मारे गए और हजारों घर तबाह हो गए थे.
एक्सपर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के टकराव क्षेत्र में स्थित है, जिससे यह दुनिया के सबसे भूकंप-प्रवण देशों में शामिल है. ब्रिटिश भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक, 1900 से अब तक यहां 7 या उससे अधिक तीव्रता के 12 बड़े भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं. लगातार आपदाओं, गरीबी, सूखे और पड़ोसी देशों से शरणार्थियों की वापसी के बीच यह नया भूकंप अफगानिस्तान की मुश्किलों को और बढ़ा रहा है.