UAE on Israeli Airstrike: यूएई के विदेश मंत्रालय का बयान ऐसे समय में आया है जब इजरायल ने मंगलवार सुबह गाजा में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिसमें 400 से अधिक लोग मारे गए थे.
Trending Photos
)
UAE on Israeli Airstrike: गाजा पर इजरायली हवाई हमले को लेकर नेतन्याहू के फैसले की कई देश आलोचना कर रहे हैं. इस सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बड़ा बयान दिया है. UAE के विदेश मंत्रालय ने कहा कि गाजा में नागरिक और आवासीय क्षेत्रों पर इजरायली हवाई हमले जारी रहने से क्षेत्र में व्यापक अस्थिरता पैदा हो सकती है और पूरे क्षेत्र में हिंसा बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो सकता है.
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ ने आधिकारिक अमीरात समाचार एजेंसी (डब्ल्यूएएम) के हवाले से बताया कि मंत्रालय ने गाजा में और अधिक निर्दोष लोगों की जान जाने से रोकने, मानवीय स्थिति को बिगड़ने से रोकने, नागरिकों को प्रभावित करने वाली दंडात्मक कार्रवाइयों को रोकने और तनाव को बढ़ने से रोकने का आह्वान किया है.
डब्ल्यूएएम की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से नए सिरे से युद्धविराम के लिए दबाव बनाने, बिजली की बहाली, क्रॉसिंग्स को फिर से खोलने और गाजा में जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सहायता की निरंतर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी गुजारिश की. मंत्रालय ने शांतिपूर्ण समाधान हासिल करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक प्रयासों का समर्थन करने की यूएई की प्रतिबद्धता को दोहराया.
400 लोगों की मौत
यूएई के विदेश मंत्रालय का बयान ऐसे समय में आया है जब इजरायल ने मंगलवार सुबह गाजा में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिसमें 400 से अधिक लोग मारे गए थे. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बाद में कहा था कि इजरायल गाजा क्षेत्र पर अपने हमले को बढ़ाएगा और अब से गाजा युद्धविराम पर बातचीत केवल हमलों के बीच ही होगी.
सीजफायर समझौते की मांग
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र के मानवीय प्रमुख ने गाजा में नए सिरे से युद्धविराम का आग्रह किया था और इजरायल से क्षेत्र में जीवन रक्षक सहायता और वाणिज्यिक आपूर्ति पर लगी रोक हटाने का आह्वान किया था. संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के अवर महासचिव टॉम फ्लेचर ने ब्रुसेल्स से वीडियो कॉल के माध्यम से सुरक्षा परिषद से कहा था कि रातों-रात हमारी सबसे बुरी आशंकाएं सच साबित हो गईं. पूरे गाजा पट्टी में हवाई हमले फिर से शुरू हो गए. उन्होंने कहा, "इजरायली सेना द्वारा नए निकासी आदेश जारी किए गए हैं और एक बार फिर गाजा के लोग भय में जी रहे हैं."