US-Houthis: अमेरिका ने मंगलवार को यमन के हूती विद्रोही इलाकों पर 22 हवाई हमले किए है. फिलहाल इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है. वहीं इससे पहले इतवार को किए गए हमलों में चार बच्चों की मौत और 25 अन्य घायल हुए.
Trending Photos
)
US-Houthis: यमन की राजधानी सना के पूर्व और दक्षिण के इलाकों के हूती विद्रोही इलाकों पर अमेरिकी का कहर जारी है. अमेरिका सेना ने मंगलवार को उत्तरी यमन में कई हूती ठिकानों को निशाना बनाकर 22 हवाई हमले किए है, जिसकी जानकारी हूती ग्रुप के अल-मसीरा टीवी और स्थानीय लोगों ने दी है.
अमेरिकी के हवाई हमले राजधानी सना के पूर्व और दक्षिण के इलाकों, लाल सागर में कामरान द्वीप और तेल समृद्ध मारिब प्रांत के उत्तर और दक्षिण के इलाकों में हुए है. फिलहाल इन हमलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि स्थानीय निवासियों ने हवाई हमलों को बहुत शक्तिशाली और हिंसक बताया है.
इतवार के हमलों में चार बच्चों की मौत
वहीं रविवार रात को सना में हुए अमेरिकी हवाई हमलों में चार बच्चों की मौत और 25 अन्य घायल हुए थे. इससे पहले हूती ग्रुप ने दावा किया कि उसने इजरायल के तेल अवीव में एक 'सैन्य लक्ष्य' पर ड्रोन हमला किया और लाल सागर में दो अमेरिकी युद्धपोतों पर क्रूज मिसाइलें दागीं है.
यमन के लोगों पर हुए जुर्म का जवाब
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने अल-मसीरा टीवी पर प्रसारित एक बयान में कहा, "हमने जाफा ड्रोन का इस्तेमाल करके तेल अवीव में एक सैन्य लक्ष्य के खिलाफ अभियान चलाया है." सरिया ने आगे कहा, "हमारी नौसेना और वायु सेना ने भी लाल सागर में दो अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाकर कई क्रूज मिसाइल और ड्रोन से संयुक्त सैन्य अभियान चलाया. अमेरिकी युद्धपोतों पर हमले 'यमनी लोगों के खिलाफ चल रहे अमेरिकी आक्रमण और जुर्म के जवाब में किए गए है."
सैन्य लक्ष्य के खिलाफ अभियान
सरिया ने इतवार रात सना में एक घर पर किए गए अमेरिकी हवाई हमलों का जिक्र किया, जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए और 11 महिलाओं और बच्चों सहित 20 से अधिक लोग घायल हुए है. सरिया ने कहा,"अमेरिकी हमले समूह को फिलिस्तीनी लोगों का समर्थन करने से नहीं रोकेंगे. जब तक गाजा पट्टी पर इजरायली हमले बंद नहीं होते और उस पर घेराबंदी नहीं हटाई जाती, तब तक अभियान बंद नहीं होंगे."
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इजरायल -हमास के बीच गाजा सीजफायर समझौते के टूट जाने के बाद अमेरिका ने हूती ग्रुप के खिलाफ हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए, ताकि इसे इजरायली जहाजों पर हमला करने से रोका जा सके.