Pak Army Abducts Baloch: पाकस्तान आर्मी पर बलूचिस्तान में लगातार मानवीय अधिकारों के उल्लंघन के आरोप लगते रहे हैं. BNM के मानवाधिकार विभाग पांक के जरिये जारी रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ मई 2025 में बलूचिस्तान के ग्वादर, केच और अवारान जैसे इलाकों से जबरन गुमशुदगी के 90 से अधिक मामले सामने आए हैं.
Trending Photos
)
Balochistan News Today: पाकिस्तान सरकार, बलूचिस्तान में लगातार बलोचों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. हालिया कुछ दिनों पाक आर्मी पर कई बलोच आंदोलनकारियों को जबरन अवैध तरीके से गायब करने के आरोप लग रहे हैं. बलोच नेशनल मूवमेंट (BNM) के मानवाधिकार विभाग पांक (Paank) ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
पांक ने एक रिपोर्ट जारी कर बताया कि मई 2025 में दो और बलोच नागरिकों को सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर जबरन उठाया है, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. इस तरह की घटना पर पांक ने चिंता जाहिर की है. पांक ने पाकिस्तान आर्मी और शासन के जरिये गायब बलोचों को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है.
पांक के जरिये जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 12 मई 2025 को ग्वादर के बलोच वार्ड में रहने वाले एक बलोच दुकानदार को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उनके घर से जबरन उठा लिया. दुकानदार की पहचान चाकर गुलाब के रुप में हुई है. बताया जा रहा है पाकिस्तानी सेना के जरिये उठाए जाने के बाद चाकर गुलाब के बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है और न ही उनकी फैमिली को कोई जानकारी मिली है.
इसी तरह की दूसरी घटना 21 मई 2025 की है, जब अवारान जिले के सैर कोलोवा के रहने वाले मुहिब उल्लाह को तुर्बत के केच जिले से जबरन हिरासत में लिया गया. मुहिब उल्लाह पेशे से ड्राइवर हैं. इसके बाद से उनके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है.
इस संबंध में पांक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (पहले ट्विटर) एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. पांक ने एक्स में लिखा, "12 मई को ग्वादर के दुकानदार चाकर गुलाब को और 21 मई को अवारान जिले के मुहिब उल्लाह को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने जबरन हिरासत में लिया. इसके बाद से वे लापता हैं."
इस तरह की गुमशुदगी को लेकर पांक ने चौंकाने वाला खुलासा किया. पांक ने बताया कि सिर्फ मई 2025 में बलूचिस्तान के ग्वादर, केच और अवारान जैसे इलाकों से जबरन गुमशुदगी के 90 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. अधिकतर मामलों में पाकिस्तान की अर्धसैनिक बल फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) और अन्य एजेंसियों का हाथ बताया जा रहा है.
इसी तरह 22 मई को बलूच यकजहती कमेटी (BYC) के आह्वान पर बलूचिस्तान के नुशकी में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इंस्टीट्यूशनल मर्डर, जबरन गुमशुदगी और BYC नेताओं की गैर कानूनी गिरफ्तारी की कड़ी निंद की.
BYC ने एक्स पर लिखा, "BYC के आह्वान पर नुशकी में लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया. उन्होंने राज्य के जरिये की जा रही बर्बरता, गैर-न्यायिक हत्याओं और नेताओं की गैरकानूनी हिरासत के खिलाफ आवाज उठाई."
दावा किया जा रहा है कि बलूचिस्तान में SBK यूनिवर्सिटी के पास से बीते 16 मार्च को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 11 लोगों को अगवा कर लिया था. इसमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं. बलूच यकजहती कमेटी ने इन लोगों के पहचान की पुष्टि की है और इसको राज्य प्रायोजित दमन बताया. इसी घटना के बाद लोगों ने पाकिस्तान सरकार और आर्मी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.