)
Balochistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक रैली के दौरान बम बलास्ट होने से लगभग 13 लोगों की मौत हो गई है और 40 अन्य लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है. यहां एक आतंकवादी ने सुसाइड बम के जरिए खुद को उड़ा लिया, जिसमें भारी तादाद में आम लोगों की मौत हुई है. वहीं, पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां इस घनटा की जांच के लिए अभियान शुरू कर दी है.
दरअसल, बीते मंगलवार को बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (BNP) की तरफ से सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और BNP के नेता सरदार अताउल्लाह मेंगल की पुण्यतिथि पर एक रैली का आयोजन किया गया था. इसी रैली के दौरान एक स्टेडियम के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया. इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. हालांकि किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने इस आत्मघाती हमले की निंदा की है. उन्होंने कहा यह हमला मानवता के दुश्मनों का कायराना हमला है. साथ ही उन्होंने घायलों की देखभाल और इलाज के लिए आदेश दिया है. CM सरफराज ने इस हमले के जिम्मेदारों को कानून के कटघरे में लाने के लिए उच्च-स्तरीय जांच का आदेश दिया.
सीनियर पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?
इस हमले पर एक सीनियर पुलिस अधिकारी उसामा अमीन ने बताया कि बलूचिस्तान नेशनल पार्टी के नेता अख्तर मेंगल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. वह बिल्कुल सुरक्षित हैं. सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके कुछ समर्थक की मौत हुई है और कुछ घायल हैं. बता दें कि मेंगल सरकार के मुखर आलोचक हैं और लापता बलूच राष्ट्रवादियों की रिहाई की मांग को लेकर अक्सर प्रदर्शन करते हैं.
पाकिस्तान से अलग होने की है मांग?
गौरतलब है कि बलूचिस्तान में पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान से आजादी की मांग बढ़ी है. इस मांग को लेकर बलूचिस्तान में 'बलूचिस्तान लिब्रेशन आर्मी' (BLA) के नाम से एक हथियारबंद संगठन भी है, जो पाकिस्तानी सेना पर आए दिन हमले करता रहता है. वहीं, पाकिस्तानी सेना लगातार बलूचिस्तान प्रांत में दमनकारी नीति के आधार पर कार्रवाई कर रही है.