Bangladesh News: डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभारी अधिकारी अब्दुस सबूर ने कहा कि मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है और पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए काम कर रही है.
Trending Photos
)
Bangladesh News: बांग्लादेश के हिंदू समुदाय के नेता भावेश चंद्र रॉय की हत्या हुई थी. इस हत्या के बाद बांग्लादेश में भारी बवाल हुआ था. इस बवाल के बीच हिंदू नेता का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है. दरअसल, इस सप्ताह की शुरुआत में दिनाजपुर जिले के बिराल उपजिला में उनके घर से कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था और पीट-पीटकर मार डाला गया था. पुलिस ने शनिवार को इसकी तस्दीक की है.
शतग्राम संघ के अंतर्गत बसुदेबपुर गांव के निवासी रॉय बांग्लादेश पूजा उडजापान परिषद की बिराल इकाई के उपाध्यक्ष थे और स्थानीय हिंदू समुदाय में एक सम्मानित व्यक्ति थे. बिराल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी अब्दुस सबूर ने एएनआई को फोन पर बताया, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या है, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है." उन्होंने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हम कार्रवाई करेंगे."
आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज
उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है. भावेश के बेटे सपन रॉय ने एएनआई को बताया, "हम अपने पिता के अंतिम संस्कार में व्यस्त हैं. इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है." सपन ने कहा, "बुधवार को इलाके के चार युवक मोटरसाइकिल पर आए और भावेश रॉय को घर से ले गए और मेरे पिता को बेहोशी की हालत में घर लाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया."
हत्या से पहले क्या हुआ था
पहले की रिपोर्टों के मुताबिक, भावेश को बुधवार को शाम 4:30 बजे के आसपास एक फोन आया था. उनकी बीवी शांतना रॉय ने स्थानीय मीडिया आउटलेट 'द डेली स्टार' को बताया कि कथित तौर पर अपराधियों ने घर पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए फोन किया था. लगभग 30 मिनट बाद, चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर आए और उन्हें जबरन परिसर से ले गए.
चश्मदीदों ने क्या कहा?
चश्मदीदों ने कहा कि भावेश को नरबारी गांव ले जाया गया, जहां उनके साथ क्रूरता से मारपीट की गई. बाद में उस शाम, हमलावरों ने कथित तौर पर एक वैन में उनके बेहोश शरीर को परिवार को लौटा दिया. स्थानीय लोगों की मदद से भावेश को बिराल उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले जाया गया और बाद में दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया.
मृतक की बीवी ने किया बड़ा दावा
शांतना रॉय ने दावा किया कि वह हमलावरों में से दो की पहचान कर सकती हैं. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार प्रभारी अधिकारी अब्दुस सबूर ने कहा कि मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है और पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए काम कर रही है.