Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले राजनीतिक संकट गहराती हुई दिख रही है. जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव के आयोजन की निश्पक्षता पर सवाल उठाया है. पूरी खबर जानने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में अगले साल आम चुनाव होने हैं. इससे पहले वहां राजनीतिक संकट गहराती जा रही है. बांग्लादेश की जमात-ए-इस्लामी पार्टी ने चुनाव के स्वतंत्र और निष्पक्ष आयोजन को लेकर संदेह जताया है. इसके साथ ही जब से बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार का तख्तापलट हुआ है और मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार बनी है. उस वक्त से बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है.
दरअसल, बांग्लादेश की जमात-ए-इस्लामी पार्टी ने फरवरी 2026 के चुनाव के आयोजन की निष्पक्षता पर शक जताया है. राजशाही जिले में आठ इस्लामी पार्टियों की एक रैली को संबोधित करते हुए, जमात-ए-इस्लामी पार्टी के नेता मिया गुलाम पोरवार ने कहा कि सभी पार्टियां आने वाले चुनाव में हिस्सा लेने के लिए सहमत हो गई हैं. हालांकि, चुनाव की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल अभी भी बना हुआ है.
खुलना कोर्ट के गेट पर हुई हत्याओं को लेकर जमात नेता पोरवार ने कहा कि जिस देश में कोर्ट के सामने हत्याएं हो सकती हैं, वहां इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि ऐसे प्रशासन के तहत पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग में धांधली या हत्याएं नहीं होंगी. बता दें कि बीते रविवार (30 नवंबर) को मेट्रोपॉलिटन सेशंस जज कोर्ट के बाहर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
किसी खास पार्टी का नाम लिए बिना, जमात नेता मिया गुलाम पोरवार ने कहा कि जमात की बैठकें, अभियान और सभाओं के दौरान एक समूह ने हमले, मारपीट और तोड़फोड़ किए. इसके साथ ही मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए, मिया गुलाम पोरवार ने कहा कि अगर अधिकारी ऐसे हमलों को नहीं रोक सकते, तो उनकी देखरेख में हुए चुनाव निष्पक्ष नहीं हो सकते.
उन्होंने यह भी कहा कि सभी पार्टियों को बराबर मौका नहीं दिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई अधिकारियों की पोस्टिंग में चुपके से हेरफेर करके प्रशासन से समझौता किया गया है, जिससे एक पार्टी को फायदा हो रहा है. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले, हर पार्टी को बराबर मौका मिलना चाहिए, यह जरूरी है.
वहीं, बीते रविवार (30 नवंबर) को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सदस्य मिर्जा अब्बास ने जमात पर सीधे तौर पर निशाना साधा और कहा कि जमात को देश और विदेश के साथियों का समर्थन है और वे इस देश के लोगों को एक अनिश्चित भविष्य की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं. BNP के सदस्य मिर्जा अब्बास ने जमात पर आरोप लगाया कि जमात देश और BNP दोनों के खिलाफ साजिश कर रहा है.